Vistaar NEWS

International Yoga Day: कोलकाता में होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे शामिल

PM Narendra Modi

पीएम नरेंद्र मोदी

International Yoga Day: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव के बाद केंद्र सरकार राज्य में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में जुट गई है. इसी कड़ी में आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किए जाने की संभावना है. इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की बात सामने आई है. केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से भी इसके संकेत दिए गए हैं.

खजुराहो कार्यक्रम में हुआ ऐलान

केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित “योग महोत्सव 2026” कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस बार योग दिवस का केंद्रीय आयोजन कोलकाता में करने की तैयारी चल रही है. उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से समृद्ध कोलकाता इस ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनेगा.

रेड रोड पर हो सकता है आयोजन

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम को कोलकाता के रेड रोड इलाके में आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, हालांकि अंतिम स्थल को लेकर अभी निर्णय बाकी है. प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और कार्यक्रम में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

योग दिवस की थीम पर रहेगा फोकस

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘Yoga for Healthy Ageing’ रखी गई है. इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि योग बढ़ती उम्र में बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सक्रिय जीवनशैली बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

राजनीतिक रूप से भी अहम आयोजन

राजनीतिक दृष्टि से भी इस आयोजन को अहम माना जा रहा है, क्योंकि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहला मौका होगा जब केंद्र सरकार राज्य में इतने बड़े स्तर का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करेगी. प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी से कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है. सूत्रों के अनुसार, इस आयोजन में कई केंद्रीय मंत्री, योग गुरु, खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां भी शामिल हो सकती हैं.

लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना

कोलकाता में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रशासन इसे सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है.

ये भी पढे़ं- OSM विवाद पर घिरा CBSE! तकनीकी खामियों को लेकर शिक्षा मंत्रालय अलर्ट, हर मदद का द‍िया भरोसा

Exit mobile version