अंडा 25 हजार तो मुर्गी की नीलामी 1 लाख के पार…इस तरह क्यों सामान खरीद रहे लोग?
अंडे
Leh egg sale: ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच 38 दिनों से जंग जारी है. इस युद्ध में सबसे ज्यादा ईरान को नुकसान हुआ है. यही वजह है कि उसकी मदद के लिए दुनियाभर से लोग आगे आ रहे हैं. इन सब के बीच भारत में भी ईरान की मदद के लिए लोग दिल खोलकर चंदा दे रहे हैं. कश्मीर से लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में चंदा एकत्रित किया जा रहा है. इसी दौरान एकत्रित सामान की नीलामी भी की जा रही है, जिसमें एक अंडा चर्चा का विषय बना हुआ है.
अंजुमन इमामिया लेह व मजलिस-ए-उलेमा लेह की तरफ से ईरान के प्रभावितों के लिए चंदा एकत्रित किया गया है. लेह के किसी व्यक्ति द्वारा दान में दी गई मुर्गी ने रविवार सुबह एक अंडा दिया और नीलामी में इस अंडे को भी रखा गया. जिसकी बोले लेह के ही शब्बीर हुसैन ने 25 हजार रुपये लगाई. मतलब यह कि एक अंडे को 25 हजार रुपये में बेचा गया है, जिसकी कीमत महज 10 रुपये होती है.
मुर्गी की कीमत एक लाख के पार
लेह में रविवार 5 अप्रैल को दान में मिले कपड़े, फर्नीचर, सोने-चांदी के जेवरात की नीलामी कर पैसा एकत्रित किया गया. इस नीलामी में स्थानीय लोगों ने बढ़चढ़कर हिस्सा भी लिया. इससे पहले कारगिल में भी इसी तरह की नीलामी आयोजित की गई थी. इसमें एक मुर्गी को 1.25 लाख रुपये में खरीदा गया था. लोगों का कहना है कि वे इस तरह से ही ईरान की मदद कर सकते हैं.
कश्मीर में भी लोगों ने दिया था खूब चंदा
देश के अलग-अलग राज्यों में इस तरह चंदा एकत्रित किया जा रहा है. कश्मीर में भी लोगों ने अपने सोने चांदी के जेवरात और बर्तन दान किए थे. कई लोगों ने तो अपने घर का फर्नीचर भी दान में दे दिया था. भारत की तरफ से इस तरह की मदद के बाद ईरान ने भी धन्यवाद दिया था. ईरान ने कहा था कि वे हमेशा भारत की इस मदद के शुक्रगुजार रहेंगे.
ईरान में जंग के कारण अब तक हजारों लोगों की मौत हो चुकी है तो बड़ी संख्या में लोग बेघर भी हो चुके हैं. दूसरी तरफ युद्ध खत्म होने को लेकर अभी भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें:इश्क चढ़ा परवान! जीजा के प्यार में पागल हुई साली, रोती रह गई बहन फिर भी 3 बच्चे छोड़कर घर से भागी