कर्नाटक MLC चुनाव में BJP-JDS का क्लीन स्वीप, BJP बोली- इससे भी नहीं जीती कांग्रेस

Karnataka MLC Election Result: कर्नाटक में एमएलसी चुनावों में कांग्रेस ने एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं की है. इस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है.
karnataka politics

डीके श‍िवकुमार और सुधांशु त्र‍िवेदी

Karnataka MLC Election Result: कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) की चार सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी. बीजेपी और उसकी सहयोगी जनता दल सेक्युलर (JDS) ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की. इस हार के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच बैलेट पेपर से चुनाव कराने के मुद्दे पर बयानबाजी तेज हो गई. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने का समर्थन किया, तो बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा.

कांग्रेस लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर सवाल उठाती रही है. इसी बीच बैलेट पेपर से हुए MLC चुनाव में पार्टी को चारों सीटों पर हार मिली. बीजेपी ने इसे कांग्रेस के आरोपों पर सवाल खड़ा करने का मौका बना लिया.

बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जब चुनाव बैलेट पेपर से हुए. तब भी पार्टी को जीत नहीं मिली. बीजेपी का तर्क है कि चुनाव में हार के लिए ईवीएम या मतदान प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराने के बजाय कांग्रेस को अपनी रणनीति पर ध्यान देना चाहिए.

चारों सीटों पर बीजेपी-जेडीएस गठबंधन की जीत

कर्नाटक में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की चार सीटों पर चुनाव हुए थे. बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत हासिल की, जबकि एक सीट जेडीएस के खाते में गई. बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया. उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के शशिल जी. नमोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को 3,297 वोटों से शिकस्त दी. अन्य दो सीटों पर भी बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है.

डीके शिवकुमार ने हार पर क्या कहा?

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने नतीजों को स्वीकार करते हुए कहा कि कांग्रेस को दो सीटों पर जीत की उम्मीद थी. उन्होंने चुनाव परिणामों की समीक्षा करने और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया.

ये भी पढ़ें:हरदीप सिंह पुरी होंगे बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार, 12 नवंबर को होना है उपचुनाव

ज़रूर पढ़ें