‘खड़गे जी को बैठे-बैठे नारे लगाने की इजाजत दे दीजिए…’, राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे पर पीएम मोदी ने ली चुटकी
पीएम नरेंद्र मोदी
PM Modi In Rajya Sabha: पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना शुरू किया तो, विपक्ष में जमकर हंगामा किया. लोकसभा में हंगामे के कारण पीएम मोदी चर्चा का जवाब नहीं दे पाए थे. कुछ ऐसा ही नजारा राज्यसभा में भी देखने को मिला, जब पीएम मोदी ने अपना संबोधन शुरू किया. हालांकि, पीएम मोदी बोलते रहे और दूसरी तरफ, विपक्षी सदस्यों की तरफ से नारेबाजी होती रही. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की चुटकी भी ली.
विपक्ष के हंगामे पर पीएम ने ली चुटकी
विपक्ष के हंगामे पर चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि खड़गे जी की उम्र को देखते हुए उन्हें बैठे-बैठे भी नारे लगाने की इजाजत दी जाए. पीछे युवा लोग हैं इसलिए, कृपया खड़गे जी को बैठे-बैठे ही नारे लगाने की इजाजत दी जाए. इसके बाद पीएम मोदी ने अपना संबोधन जारी रखा तो दूसरी तरफ, विपक्ष का हंगामा भी जारी रहा. थोड़ी देर बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया. इस पीएम ने कहा, “जो लोग थक गए, बिचारे चले गए…लेकिन कभी न कभी उन्हें जवाब देना पड़ेगा.”
पीएम मोदी ने राज्यसभा में कहा, “विकसित भारत की यात्रा में पिछले साल देश के तेज़ी से विकास के साल रहे हैं. यह जीवन के हर क्षेत्र में, समाज के हर वर्ग में बदलाव का दौर रहा है. देश सही दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.”
#WATCH राज्यसभा में विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच पीएम मोदी ने कहा, "…खरगे जी की उम्र को देखते हुए मैं आपसे चेयरमैन साहब से गुजारिश करता हूं कि उन्हें बैठने दें और नारे लगाने दें ताकि उन्हें कोई दिक्कत न हो। पीछे युवा लोग हैं इसलिए, कृपया खरगे जी को बैठे-बैठे ही नारे लगाने… pic.twitter.com/XdzOc9RGY8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 5, 2026
उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति जी ने इस देश के मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग, गरीब, गांव, किसान, महिलाएं, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि…सभी विषयों को विस्तार से रखते हुए भारत की प्रगति का एक स्वर संसद में गूंजाया है. देश के नौजवान भारत के सामर्थ्य को कैसे आगे बढ़ा रहे हैं, इसकी भी विस्तार से चर्चा की है. हर वर्ग के सामर्थ्य को उन्होंने शब्दांकित किया है. इतना ही नहीं, उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य के प्रति एक विश्वास व्यक्त किया है. ये हम सभी के लिए प्रेरक है.”
ट्रेड की तारीफ कर रही दुनिया- पीएम मोदी
ईयू और अमेरिका के साथ हुई डील का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत अनेक देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड डील साइन कर रहा है. पिछले कुछ समय में हमने दुनिया के 9 बड़े और महत्वपूर्ण देशों के साथ ट्रेड डील साइन की हैं. एकसाथ 27 देशों के साथ सबसे बड़ी डील, जिसमें यूरोपियन यूनियन भी शामिल है.”
उन्होंने आगे कहा, “पूरी दुनिया हमारी डील की तारीफ कर रही है. विश्व में अस्थिरता को लेकर चिंताएं कम हुई हैं. हमारे युवाओं के लिए दुनिया का बाजार खुला है. आज पूरी दुनिया ग्लोबल साउथ की बात करती है लेकिन उस चर्चा में मुख्य किरदार के तौर पर, आज भारत ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर ग्लोबल साउथ की एक मजबूत आवाज़ बनकर उभरा है. इस सदन में चर्चा का स्तर थोड़ा ऊंचा होना चाहिए था. लेकिन, विपक्ष ने मौका गंवा दिया. देश कैसे भरोसा करे.”
ये भी पढ़ें: जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को बताया ‘अबोध बालक’, भड़के खड़गे, राज्यसभा में बीजेपी-कांग्रेस के बीच हुई तीखी बहस
‘हमें लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है’
प्रधानमंत्री ने कहा, “21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है, लेकिन यह दूसरा क्वार्टर भी उतना ही निर्णायक है, जैसे पिछली शताब्दी में भारत की आजादी की जंग में दूसरा क्वार्टर निर्णायक रहा था. मैं साफ साफ देख रहा हूं कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ये दूसरा क्वार्टर भी उतना ही सामर्थ्यवान होने वाला है, उतनी ही तेज गति से आगे बढ़ने वाला है. आज राष्ट्र का हर व्यक्ति ये महसूस कर रहा है कि हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं. अब हमें न रुकना है, न पीछे मुड़कर देखना है. हमें तेज गति से चलना है और लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है. उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं.