Vistaar NEWS

मुंबई में CJP का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार पर निशाना! दिपके बोले- मांग नहीं मानी तो दिल्ली करेंगे कूच

MAHARASHTRA

CJP Jail Bharo Andolan: मुंबई में गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन दिनभर चर्चा में रहा. चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट की SIR प्रक्रिया को लेकर CJP ने मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया. सीजेपी ने पहले ही ऐलान किया था कि अनुमति मिले या नहीं, प्रदर्शन किया जाएगा. मुंबई पुलिस और BMC ने शिवाजी पार्क में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी. वैकल्पिक जगह का सुझाव दिया था. इसके बावजूद CJP ने गेट नंबर 6 के पास प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन से पहले पुलिस ने दादर स्टेशन और शिवाजी पार्क के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी. बैरिकेडिंग की गई और आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी रखी गई.

द‍िपके का सरकार को चैंलेज

प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने समर्थकों को संबोधित किया. इस दौरान उन्‍होंने CM देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है तो करे. इससे पहले दिपके को मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में भी कुछ समय के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया था.

भारी संख्‍या में पहुंची लोगों की भीड़

शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने शाम करीब 4 बजे तक 9 से 10 हजार लोगों के जुटने का अनुमान बताया. एक्टिविस्ट तुषार गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हुए. इसके अलावा अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, विशाल ददलानी और शबाना आजमी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे. शबाना आजमी ने वोट को संवैधानिक अधिकार बताते हुए प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बात रखी।.

इस्‍तीफे की मांग पर अड़े कॉकरोच

प्रदर्शन के दौरान CJP कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे और पोस्टर लगाए. वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने CJP के प्रदर्शन पर कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों ने कथित ‘फेक नैरेटिव’ को खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के नैरेटिव को आगे बढ़ाने की कोशिश सफल नहीं होगी.

सीजेपी का नया ऐलान

अब CJP ने आगे के आंदोलन का भी ऐलान किया है. अभिजीत दिपके ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो अक्टूबर के आखिर में CJP दोबारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी. इससे पहले संगठन अलग-अलग राज्यों में भी प्रदर्शन करने की बात कह चुका है. यानी 2 अक्टूबर का मुंबई प्रदर्शन CJP के मुताबिक उसके आंदोलन के अगले चरण की शुरुआत है.

ये भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड‍िंग पद से क्यों हटे राजा वडिंग? खुद बताया किस पर है शक

Exit mobile version