पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड‍िंग पद से क्यों हटे राजा वडिंग? खुद बताया किस पर है शक

Punjab Congress President: राजा वडिंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि उन्हें किस नेता की भूमिका इस फैसले के पीछे नजर आती है और क्या वजह रही है.
pujab politics

राजा वड‍िंग-सचिन पायलट-पूर्व सीएम चन्‍नी

Punjab Congress: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्‍होंने अपने इस्तीफे के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की और पंजाब कांग्रेस को लेकर अपनी बात रखी.इसी दौरान उन्होंने यह भी बताया कि आखिर उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने के फैसले के पीछे किसकी भूमिका हो सकती है.

वडिंग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने उन्हें पद से हटाने का फैसला किया होगा. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके पास इस बात का कोई पक्का सबूत नहीं है. वडिंग के मुताबिक, पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद दोनों के बीच सिर्फ एक बार करीब 15 मिनट की मुलाकात हुई थी.

वडिंग के इस्तीफे और इस बयान के बाद अब प्रदेश की सियासत में नई तरह की चर्चाओं ने जन्म ले लिया है. क्योंकि कुछ दिन पहले ही पायलट ये बताने की कोशिश कर रहे थे कि पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक चल रहा है.

एक महीने पहले ही पायलट को मिला था पंजाब का प्रभार

सचिन पायलट को 5 सितंबर को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था. उन्होंने राज्य के अलग-अलग नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की स्थिति को समझने की कोशिश की. इसके बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट सौंपी. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इसी फीडबैक के बाद पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव का रास्ता साफ हुआ है.

इस्तीफे की और क्या रही वजह?

राजा वडिंग के इस्तीफे की मांग लंबे समय से चल रही है. र्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत पार्टी के कुछ नेता लंबे समय उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे. उन्‍होंने पिछले दिनों हाईकमान को भी कह दिया था कि उन्‍हें इस फैसले पर सोचना चाहिए. राजनीतिक जानकारों की मानें तो आपसी बातचीत और तालमेल बैठाने के बाद भी गुटों के बीच मतभेद पूरी तरह खत्म नहीं हुए थे.

कौन हो सकता है नया कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष

अब कांग्रेस के सामने पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की चुनौती है. विजय इंदर सिंगला, परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा और अन्य नेताओं के नाम चर्चा में हैं. हालांकि, नए अध्यक्ष के नाम पर अंतिम औपचारिक घोषणा अभी बाकी है. लेकिन, इन सब के बीच वडिंग के बयान ने नई सियासी चर्चा छेड़ दी है. 

ये भी पढ़ें: पंजाब के बाद अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने की इस्तीफे की पेशकश? कौन लेगा अजय राय की जगह

ज़रूर पढ़ें