महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ की आहट! आनन-फानन में उद्धव ठाकरे ने बुलाई सांसदों की बैठक, 3 MP रहे गायब
उद्धव ठाकरे
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर अटकलें तेज हैं. इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को पार्टी के सभी सांसदों की बैठक मुंबई स्थित ‘मातोश्री’ में बुलाई. इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, क्योंकि हाल के दिनों में कुछ सांसदों के दूसरे खेमे के नेताओं के संपर्क में होने की खबरें सामने आई थीं.
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं बल्कि नियमित समीक्षा बैठक है. शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने बताया कि पार्टी प्रमुख समय-समय पर सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करते रहते हैं.
बैठक में नहीं पहुंचे कई सांसद
आगामी संसद सत्र और महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे. मतलब यह कि अगर पार्टी के बयानों को मानें तो सब कुछ ठीक है. कुछ भी गड़बड़ होने जैसी स्थिति नहीं है. उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई इस बैठक में पार्टी के 9 में से 8 सांसद शामिल हुए, जबकि परभणी सांसद संजय जाधव अनुपस्थित रहे. यही वजह है कि कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
बैठक के समय को लेकर उठ रहे कई तरह के सवाल
हालांकि इस बैठक का समय काफी अहम माना जा रहा है. पिछले कुछ समय से यह चर्चा चल रही है कि शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद सत्ता पक्ष के नेताओं के संपर्क में हैं और संभावित राजनीतिक फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं. इसी वजह से ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर सियासी हलकों में चर्चा और तेज हो गई है.
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?
दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने ऐसी किसी भी राजनीतिक तोड़फोड़ या ‘ऑपरेशन टाइगर’ जैसी कवायद से साफ इनकार किया है. शिंदे गुट का कहना है कि उनकी पार्टी को किसी दूसरे दल के सांसदों को तोड़ने में कोई रुचि नहीं है और इस तरह की खबरों का कोई आधार नहीं है.
लोकसभा में इस समय शिवसेना (यूबीटी) के 9 सांसद हैं. ऐसे में सभी सांसदों को एक साथ बुलाकर की गई यह बैठक संगठन की एकजुटता दिखाने और संभावित अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश के तौर पर भी देखी जा रही है.
ये भी पढ़ें:फ्रांस में गूंजा भारत का दम, PM मोदी बोले- दुनिया को समाधान देने वाला देश बन चुका है इंडिया