‘मैं दलित, इसल‍िए…?’, मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण, राज्‍यसभा में भड़के कांग्रेस अध्यक्ष

Mallikarjun Kharge: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किया गया. इस मामले को कांग्रेस ने राज्‍यसभा में उठाया, जिस पर जेपी नड्डा ने कहा कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया व‍िरोध

मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया व‍िरोध

Mallikarjun Kharge: उत्तराखंड के हल्द्वानी में बीते द‍िनों कांग्रेस पार्टी ने जनसभा आयोजित की थी. इस कार्यक्रम में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हुए थे. उन्‍होंने भी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्‍य सरकार पर जमकर निशाना साधा था. हालांकि इस जनसभा के बाद कथित तौर पर मंच का शुद्धिकरण बीजेपी की तरफ से किया गया. इसी को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं. दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगा रहे हैं. राज्‍यसभा में भी खड़गे ने इस घटना पर विरोध जताया है.  

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ‘मैं हल्द्वानी में था, जहां मैंने रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया. वहां लाखों लोग मौजूद थे. उस समय मैंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया, बल्कि सिर्फ सरकार के मुद्दों को दोहराया. लेकिन, मेरे भाषण के बाद बीजेपी के लोगों ने वहां उस मंच को ‘शुद्ध’ करने के लिए हवन किया.

उन्‍होंने कहा कि क्या लोकतंत्र में ऐसा होता है? आप संविधान की रक्षा कैसे कर रहे हैं? मैं विपक्ष का नेता हूं. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को जवाब देते हुए कहा, ‘खरगे जी ने जो कहा वह वाकई दुखद है. न सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए बल्कि हम सभी के लिए दुखद है. उन्‍होंने यह भी कहा कि पार्टी इस तरह की किसी भी घटना का समर्थन नहीं करती है.  

राधाकृष्णन बोले-ऐसे लोगों को मिले सजा

सभापति राधाकृष्णन ने भी इस घटना को गलत ठहराया है. उन्‍होंने कहा कि छुआछूत जैसी कोई चीज नहीं होनी चाहिए. यह पाप है. हम सभी शुद्ध हैं. मामले की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए. इसके बाद माना जा रहा है कि जिन भी लोगों ने यह किया है. उन पर आने वाले दिनों में कोई एक्शन लिया जा सकता है.

कब का है पूरा विवाद?

दरअसल पूरा विवाद 8 अगस्त का है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई जनसभा को संबोधित किया था. इसी के बाद विवाद शुरू हो गया. जनसभा के दो दिन बाद, 11 अगस्त को कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा उसी मंच का कथित तौर पर शुद्धिकरण किया. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जिससे राजनीतिक विवाद गहरा गया.

खड़गे को लेकर क्या बोले कार्यकर्ता?

हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं का आरोप है कि खड़गे ने अपने भाषण में सनातन धर्म के खिलाफ बातें कहीं थीं. इसी कारण उन्होंने मंच का शुद्धिकरण किया. उनका कहना है कि यह एक सांस्कृतिक प्रक्रिया है. इसी के तहत मंच को शुद्ध किया गया.  माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर सियासत और गरमाने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें:रांची में विधानसभा घेराव पड़ा भारी! 500 अज्ञात छात्रों पर FIR, वीडियो की हो रही जांच

ज़रूर पढ़ें