‘बहुजन समाज से रिश्ता और गहरा होता जा रहा’, नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सपा ज्वाइन करने के बाद अखिलेश यादव का बड़ा बयान
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अखिलेश यादव की उपस्थिति में समाजवादी पार्टी ज्वाइन की.
Nasimuddin Siddiqui: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टियों में नेताओं की अदला-बदली शुरू हो गई है. इसी कड़ी में पश्चिम यूपी के कद्दावर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने रविवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया. सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उपस्थिति में उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली. लखनऊ में रविवार को नसीमुद्दीन सिद्दीकी के अलावा अपना दल (एस) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे राजकुमार पाल समेत 15 हजार से ज्यादा लोगों ने सपा ज्वाइन की है. बताया जा रहा है कि सपा ज्वाइन करने वालों में ज्यादातर बसपा कार्यकर्ता हैं.
‘मुलायम सिंह यादव को मैंने अपना नेता माना’
सपा ज्वाइन करने के मौके पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, ‘मैं हमेशा नेताजी मुलायम सिंह यादव से प्रभावित रहा हूं. मैंने उन्हें अपना नेता माना है. मैं कभी भी किसी भी पार्टी में रहा, लेकिन मैं जब भी नेता जी से मिलता था, मैं उनसे कहता था कि मैं आपका सम्मान करता हूं.’
अखिलेश यादव ने बसपा से गठबंधन का दिया इशारा?
वहीं लखनऊ में सपा कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि उनका बहुजन समाज से पुराना रिश्ता रहा है. अब ये रिश्ता और गहरा होगा और मेलजोल भी बढ़ेगा. इस दौरान अखिलेश ने ये भी कहा कि कई बार सियासत में गठबंधन टूटते और बनते हैं.
हालांकि अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर बसपा या मायावती का नाम तो नहीं लिया है, लेकिन सियासी पंडितों का आकलन है कि अखिलेश अप्रत्यक्ष रूप से यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मायावती को पीडीए में शामिल होने के लिए कह रहे हैं.
कार्यक्रम में नसीमुद्दीन की फिसली जुबान
सपा ज्वाइन करते समय नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अखिलेश यादव की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने कभी भी हिंदू, मुस्लिम या फिर धर्म की राजनीति नहीं की है. मुझे अखिलेश यादव की यही बात बहुत प्रभावित करती है. हालांकि इस दौरान नसीमुद्दीन की जुबान फिसल गई. उन्होंने सपा की जगह कह दिया कि वे बहुजन समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर रहे हैं. मंच पर मौजूद अन्य नेताओं के टोकने के बाद उन्होंने फिर गलती सुधारते हुए सपा बोला.
ये भी पढे़ं: बांग्लादेश के भारत के लिए बदले सुर! कहा- दोनों देशों को आपसी हित में सहयोग बढ़ाना चाहिए