Vistaar NEWS

महिला आरक्षण-परिसीमन बिल पर हलचल तेज , सरकार ने बुलाया एक द‍िन का संसद सत्र

parliament session

संसद सत्र

Parliament Session 2026: महिला आरक्षण संशोधन बिल और परिसीमन बिल को लेकर एक बार फ‍िर हलचल तेज हो चली है. सरकार ने एक दिन का राज्यसभा सत्र और एक दिन का लोकसभा सत्र बुलाने की अपील स्‍पीकर से की है. इस बात की जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी है.

उन्‍होंने सोशल मीडिया पर बताया कि सोमवार, 30 नवंबर, 2026 को लोकसभा और बुधवार, 2 दिसंबर, 2026 को राज्यसभा का एक दिन का सत्र बुलाने का अनुरोध किया गया है. इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा. कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है.

किस लिए बुलाया गया सत्र?

खास बात यह है कि पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि सरकार जल्द ही संसद सत्र बुला सकती है. हुआ भी ठीक वैसा ही है. इस सत्र को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि सरकार की तरफ से महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पेश किया जाएगा. पिछली बार जब ये ब‍िल लाए गए थे तब बहुमत न मिलने के कारण गिर गए थे.

अब सरकार की कोशिश है कि इस मुद्दे पर दोबारा राजनीतिक सहमति बनाई जाए और जरूरी संख्या जुटाकर विधेयकों को संसद से पारित कराया जाए. हालांकि आगे आने वाले दिनों में पता चलेगा कि आख‍िर सरकार का असल प्‍लान क्‍या है.

मॉनसून सत्र अभी तक नहीं हुआ खत्म

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी. उस समय मॉनसून सत्र चल रहा था. करीब 100 दिन से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी इसको औपचारिक तौर पर समाप्त नहीं किया गया है. मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था. 

Exit mobile version