पेट्रोल-डीजल के दाम कम होंगे या नहीं? केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने द‍िया जवाब

Petrol Diesel Price Cut: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिल सकती है. उन्होंने कहा कि सस्ता कच्चा तेल भारत पहुंचने के बाद उसका फायदा आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंच सकता है.
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

Petrol Diesel Price Cut: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर आम लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में ईंधन के दाम घट सकते हैं. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का फायदा भारत को जल्द मिलने की उम्मीद है. जैसे-जैसे कम कीमत पर खरीदा गया कच्चा तेल भारतीय रिफाइनरियों तक पहुंचेगा, उसका असर पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है,

हरदीप पुरी ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में पश्चिम एशिया और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ा था. इसके बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सीमित बढ़ोतरी हुई, जबकि कई अन्य देशों में ईंधन काफी महंगा हो गया.

उनके मुताबिक, कई देशों में पेट्रोल की कीमतों में लगभग 35 प्रतिशत तक वृद्धि हुई, लेकिन भारत में बढ़ोतरी करीब 5.5 से 6 प्रतिशत के बीच रही है. उनकी मानें तो भारत में उसके मुकाबले इतनी बढ़ोतरी नहीं की गई है.

मंत्री ने तेल कीमतों पर क्‍या-क्‍या कहा?

मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार वैश्विक बाजार पर नजर बनाए हुए है और देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है. भारत के पास पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है और आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य है. इसलिए अंतरराष्ट्रीय संकट का सीधा असर देश में ईंधन की उपलब्धता पर नहीं पड़ेगा.

कम होंगी कीमतें या नहीं?

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार से अलग-अलग समय पर कच्चा तेल खरीदती हैं. ऐसे में यदि वैश्विक बाजार में कीमतें कम होती हैं, तो उसका लाभ कुछ समय बाद उपभोक्ताओं तक पहुंचता है. इसी वजह से यदि सस्ता कच्चा तेल लगातार आता रहा, तो पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती की संभावना मजबूत होगी.

फिलहाल सरकार की ओर से कीमतों में कटौती की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन केंद्रीय मंत्री के बयान ने यह उम्मीद जरूर जगा दी है कि आने वाले दिनों में आम लोगों को ईंधन के मोर्चे पर राहत मिल सकती है.

ये भी पढ़ें:गोलीबारी झेलकर भारत पहुंचा इराकी तेल से भरा टैंकर, ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर सुरक्षित पहुंची खेप

ज़रूर पढ़ें