Delimitation Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले एक वीडियो संदेश जारी किया है. इसमें उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की नारी शक्ति से जो वादा किया था. उसे पूरा करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मोदी ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में ज्यादा भागीदारी दिलाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह वीडियो साझा किया. इसके साथ उन्होंने लिखा कि नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. वीडियो में उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक व्यवस्था में बराबर भागीदारी दिलाने की मांग कोई नई नहीं है.
We had made a promise to our Nari Shakti and we remain committed to fulfilling it… https://t.co/ZT3TK71Psh
— Narendra Modi (@narendramodi) November 28, 2026
आगे कहा कि इसके लिए लंबे समय से प्रयास होते रहे हैं. कई महिलाएं उनसे मुलाकात के दौरान इस मुद्दे को उठा चुकी हैं, जबकि बहुत सी महिलाओं ने पत्र लिखकर भी अपनी बात पहुंचाई है.
पीएम मोदी ने क्या क्या कहा?
मोदी ने कहा कि देश की महिलाओं का आशीर्वाद और समर्थन उनके साथ है. उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार का हौसला मजबूत है. महिला आरक्षण को लागू करने के लिए उसका इरादा अडिग है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जो राजनीतिक दल महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, वे महिलाओं की संसद और विधानसभा में भागीदारी बढ़ने से नहीं रोक पाएंगे. यह लक्ष्य हासिल होकर रहेगा, केवल समय की बात है.
30 नवंबर को संसद का विशेष सत्र
दरअसल, केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है. इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है. सरकार की तैयारी इन प्रस्तावों को संसद में आगे बढ़ाने की है. इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री का यह वीडियो संदेश सामने आया है.
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है. हालांकि, इसके लागू होने को परिसीमन और जनगणना की प्रक्रिया से जोड़ा गया था. सरकार अब इससे जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है.
