‘कांग्रेस के धोखे के बाद जनता ने हम पर भरोसा किया’, प्रधानमंत्री रहते हुए 4,399 दिन पूरे करने पर बोले PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित NDA बैठक में उनका सम्मान किया गया. इस दौरान पीएम मोदी ने देश को संबोधित भी किया है.
pm modi

पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित NDA बैठक में उनका सम्मान किया गया. अब वे भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. इस मौके पर उन्होंने देश की जनता को संबोधित किया है. उन्होंने कहा है कि मेरे लिए तो जनता-जनारदन ही ईश्वर का रूप है.

राजनीतिक यात्रा में अनेक उतार-चढ़ाव-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा ‘इस राजनीतिक यात्रा में अनेक उतार-चढ़ाव देखते हुए एक दिन ये पड़वा भी आएगा, मैंने कभी सोचा नहीं था. निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का मौका, जिसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं. आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया, इतना मान दिया, इसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं. ‘

PM Modi ने बताया ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ और ‘NDA ग्रोथ रेट’

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “सवाल ये है कि अगर 12 साल में इतना कुछ हो सकता है तो फिर दशकों तक क्यों नहीं हुआ? ये ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ और ‘NDA ग्रोथ रेट’ का अंतर है. एक व्यवस्था लोगों को इंतजार कराती थी. आज की व्यवस्था परिणाम दिखाती है. एक व्यवस्था काम अटकाती-भटकाती थी. आज की व्यवस्था कहती है, काम अभी होगा, समय पर होगा और बड़े पैमाने पर होगा और इसलिए 2014 से 2026 की कहानी केवल आंकड़ों की कहानी नहीं है, ये उस भारत की कहानी है जिसने पहली बार अपनी पूरी क्षमता के साथ दौड़ना तय किया है.”

कांग्रेस के धोखे के बाद जनता ने हम पर भरोसा किया-पीएम मोदी

साल 2014 में NDA की जीत को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “जब हम 2014 में जीते थे, तो मैंने कहा था कि देश के आम नागरिक के लिए एक नई उम्मीद जगी है. कांग्रेस के धोखे के बाद देश की जनता ने हम पर भरोसा जताया.”

मैंने स्वच्छता का आग्रह किया तो पूरा देश निकल पड़ा-पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “देशवासियों की सहभागिता की हमारी बहुत बड़ी शक्ति है. ये 12 वर्ष सरकार और समाज की सहभागिता का उत्सव बनाने वाले रहे हैं. बीते 12 वर्षों में मैंने जो भी सहयोग देश से मांगा, देशवासियों ने दिल खोलकर साथ दिया है. मैंने स्वच्छता का आग्रह किया तो पूरा देश निकल पड़ा, मैंने देश से डिजिटल पेमेंट अपनाने के लिए आह्वान किया तो भारत रियल टाइम ट्रांजैक्शन में दुनिया में सबसे आगे निकल गया, मैंने कोरोना महामारी के दौरान एकजुटता का आग्रह किया तो देश ने एकजुट होकर उस महामारी का सामना किया.’

जनता ने हमें कभी निराश नहीं किया-पीएम मोदी

उन्होंने कहा ‘जनता ने हमें कभी निराश नहीं किया. आने वाले समय में भी हमें इसी जनविश्वास और जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ना है. ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ हमारा मंत्र रहा है. सबका प्रयास ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है… अब समय आ गया है कि राज्यों के बीच नई प्रकार की स्वस्थ स्पर्धा हो… भारत की प्रगति राज्यों की ऐसी प्रगति से ही होने वाली है. आइए अगले दशक को उपलब्धियों के साथ-साथ श्रेष्ठता का भी दशक बनाएं…”

ये भी पढ़ें: MP Rajya Sabha Election: चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का ‘उपवास’, दिग्विजय सिंह समेत कई नेता प्रदर्शन में हुए शामिल

ज़रूर पढ़ें