‘अमेरिका अब नरक जैसा देश…’, ट्रंप के कार्यक्रम में फायरिंग पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कसा तंज
प्रियंका चतुर्वेदी
Priyanka Chaturvedi: अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम स्थल के पास अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी. उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कार्यक्रम में मौजूद थे. सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. बाद में अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है.
इस घटना पर भारत में भी राजनीतिक प्रतिक्रिया देखने को मिली. शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने अमेरिका में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अमेरिका लंबे समय से इस तरह की हिंसाएं सामने आ रही हैं. प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर अमेरिका को ‘नरक’ जैसा देश बताया और वहां लगातार होने वाली शूटिंग की वारदातों पर चिंता व्यक्त की.
प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका में स्कूलों से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रमों तक लोग सुरक्षित नहीं हैं. निर्दोष नागरिकों और बड़े नेताओं तक को निशाना बनाया जा चुका है.
वाशिंगटन हिल्टन होटल में हो रहा था कार्यक्रम
यह कार्यक्रम वॉशिंगटन के वाशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार, राजनेता और मेहमान मौजूद थे. गोली चलने की आवाज आते ही कई लोग नीचे झुक गए और सुरक्षा कर्मियों ने पूरे हॉल को घेर लिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना मुख्य बॉलरूम के बाहर सुरक्षा जांच क्षेत्र के पास हुई. एक अधिकारी के सुरक्षात्मक जैकेट पर गोली लगने की बात भी सामने आई है.
घटना के बाद क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप
घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने बयान जारी कर सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से हालात संभाले और सभी को सुरक्षित निकाला. ट्रंप ने यह भी कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि कोई ट्रे गिरने की आवाज आई है, लेकिन बाद में स्थिति की गंभीरता समझ में आई. उन्होंने कार्यक्रम को दोबारा आयोजित कराने की बात भी कही.
ये भी पढ़ें : वाशिंगटन के जिस होटल में मौजूद थे ट्रंप और जेडी वेंस, वहीं चलीं दनादन गोलियां, चारों तरफ मची अफरा-तफरी