31 साल पुराने मामले में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, बोले- मुझे नहीं पता मेरे साथ…
सांसद पप्पू यादव
Pappu Yadav: बिहार में शुक्रवार (6 फरवरी) रात को जबरदस्त सियासी घटनाक्रम देखने मिला. पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) को पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया. उन पर साल 1995 में बिहार की राजधानी पटना में एक घर पर कब्जा करने का आरोप है. इसी घर में वे किराये पर रहने गए हुए थे. उन्होंने यहां अपना ऑफिस खोला था, फिर इसी पर कब्जा करने का आरोप है. इसे लेकर मकान मालिक ने सांसद के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी.
पप्पू यादव की बिगड़ी तबीयत
गिरफ्तारी से पहले पप्पू यादव ने कहा कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है. सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, दवा लेना होती है. उनको हाउस अरेस्ट में रखा जाए. शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा. पटना पुलिस उन्हें शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात करीब 12.45 बजे IGMS लेकर गई. यहां उनका एक्स-रे और ईसीजी कराया गया. फिलहाल उन्हें IGMS में ही रखा गया है.
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला पटना के गर्दनीबाग पुलिस थाने से जुड़ा हुआ है. शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि सांसद पप्पू यादव ने धोखाधड़ी से उनका घर किराये पर लेकर उसे ऑफिस की तरह इस्तेमाल किया. ये बात किराये के वक्त छिपाई गई थी. इसी मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया.
मामले की सुनवाई के दौरान लगातार गैर-हाजिर रहने के कारण कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया. इसके साथ ही आरोपियों के पतों पर आदेश चस्पा किए गए थे. इसके बाद अदालत ने सांसद पप्पू यादव समेत अन्य आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे.
पप्पू यादव ने क्या कहा?
सांसद पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरे साथ क्या होगा पता नहीं. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक यादव ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर आरोप लगाते हुए कहा कि NEET छात्रा के लिए लड़ाई लड़ने के लिए बिहार सरकार और गृह मंत्री धमका रहे हैं. मैं फांसी पर चढ़ने को तैयार हूं, लेकिन झुकने के लिए नहीं.
ये भी पढ़ें: एग्रीकल्चर और डेयरी सेक्टर में नहीं हुआ कोई समझौता, यूएस-भारत ने जारी किया अंतरिम ट्रेड डील का फ्रेमवर्क
सांसद ने आगे कहा कि सादी वर्दी में पुलिसवाले आए और धमकाने लगे. मुझे लगा कि कोई मारने आया है. उन्होंने आगे बताया कि लोकसभा शाम 4 बजे खत्म हुई और उसके बाद न्यायालय के आदेश के सम्मान में सीधे पटना आ गए. इसके साथ ही पप्पू यादव ने कहा कि पुलिसवाले सादी वर्दी में आए और हमें लगा गोली चल जाएगी. हम मरना पसंद करेंगे लेकिन सच के रास्ते से नहीं हटेंगे.