Kota: छत पर कपड़े सुखाने गई महिला के कंधे पर आ बैठा बंदर, घबराहट में हार्ट अटैक आने से हुई मौत
फाइल फोटो
देशभर में ‘कोचिंग राजधानी’ के नाम से मशहूर राजस्थान का कोटा शहर इन दिनों बंदरों के आंतक से जूझ रहा है. गली, मोहल्ला और सड़कों पर बंदरों के झुंड के झुंड एकत्रित हो जाते है और फिर लोगों को परेशान करते हैं. ताजा मामले में तो एक महिला की मौत भी हो गई है. एक बंदर की वजह से महिला की मौत का ये मामला पूरे देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
उद्योग नगर थाना क्षेत्र की घटना
दरअसल ये घटना कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ इलाके की है. यहां पर रविवार 15 नवंबर को एक महिला रेनू भट रोज की तरह अपने घर की छत पर रोज की तरफ कपड़े सुखाने गई थी कि तभी एक बंदरों के झुंड ने महिला पर हमला कर दिया. एक बंदर महिला के कंधे पर भी आ बैठा. महिला ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया.
बंदरों ने कई जगह काट लिया
लाठी से बंदरों को डराया और भगाने का प्रयास भी किया. लेकिन तब तक बंदरों ने उसे कई जगहों पर काट लिया. इस घटना क्रम के बाद महिला बेहोश होकर छत पर ही गिर गई. परिजन तुरंत महिला को झालावाड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.
साइलेंट अटैक के कारण मौत
डॉक्टरों के अनुसार, महिला की मौत साइलेंट अटैक के कारण हुई. इस दुखद हादसे ने एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पीड़ित परिवार सहित शहरवासी प्रशासन से आवारा पशुओं व बंदरों के स्थायी समाधान की पुरजोर मांग कर रहे हैं.
छतों पर जाना दूभर हो गया है…
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर की कॉलोनियों और छतों पर बंदरों का झुंड लगातार आक्रामक होता जा रहा है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का घरों से बाहर निकलना या छतों पर जाना दूभर हो गया है. प्रशासन और नगर निगम के तमाम दावों के बावजूद बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है.



