राज्यसभा में खड़गे और रिजिजू के बीच तीखी नोकझोंक, सदन में बढ़ा राजनीतिक तनाव

Kiren Rijiju Mallikarjun Kharge Clash: संसद का मॉनसून सत्र इस बार काफी हंगामेदार रहा है. विपक्ष लगातार सरकार से कई तरह के सवालों के जवाब मांग रहा है. इसी को लेकर राज्‍यसभा में खरगे और रिजिजू के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली है.
मल्लिकार्जुन खड़गे और किरेन रिजिजू

मल्लिकार्जुन खड़गे और किरेन रिजिजू

Rajya Sabha Political Clash: संसद के मॉनसून सत्र के दौरान गुरुवार को राज्यसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए. बहस उस समय तेज हो गई जब विपक्ष ने अपनी बात रखने और सरकार से जवाब मांगने पर जोर दिया. विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा चाहता है, लेकिन सरकार इससे बचती नजर आ रही है. उन्होंने यह भी मांग की कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सदन में उपस्थित होकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दें.

इस दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह तय करने का अधिकार विपक्ष के पास नहीं है. सरकार की ओर से कौन-सा मंत्री सदन में जवाब देगा. इसी बात पर दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

रिजिजू की टिप्पणी पर खड़गे ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि उन्हें कब और किस विषय पर बोलना है, इसका फैसला वे स्वयं करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि संसदीय नियमों का हवाला देते समय सभी प्रासंगिक प्रावधानों का ध्यान रखा जाना चाहिए.

खड़गे ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया  है. इसके साथ ही  कहा कि विपक्ष केवल उन मुद्दों पर जवाब चाहता है जो जनता से जुड़े हैं. उनका कहना था कि सदन में सरकार को सीधे जवाब देकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विपक्षी सांसदों ने भी अपना विरोध दर्ज कराया, जिससे सदन का माहौल काफी गरम हो गया. हंगामे और तीखी बहस के बीच कार्यवाही प्रभावित रही और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच टकराव साफ दिखाई दिया. 

आज संसद में बोल सकते हैं शाह

विपक्ष की तरफ से लगातार मांग की जा रही है कि पूरे मामले पर गृहमंत्री अम‍ित शाह या फ‍िर प्रधानमंत्री को बोलना चाह‍िए. हालांकि इसके बाद भी अब तक कोई सामने नहीं आया है. यही वजह है कि संसद में इस तरह की तीखी बहस देखने को मिली है. माना यह भी जा रहा है‍ कि गुरुवार शाम को अम‍ित शाह संसद में बोल सकते हैं.

ये भी पढ़ें:Live: ‘लाठीचार्ज पर सदन में बयान दें गृह मंत्री…’, खड़गे ने दोहराई मांग

ज़रूर पढ़ें