Inmate Killed With Sharp Weapon: दिल्ली में रोहिणी जेल के अंदर बंद एक विचाराधीन कैदी की हत्या हो गई. हत्या का आरोप उसके ही साथी भोला और प्रमोद पर लगा है. इस घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है. प्रमोद एक विचाराधीन कैदी था, जो आर्म्स एक्ट के मामले में जेल में बंद था. उस पर रविवार की दोपहर करीब 12 बजे उसके ही साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले के तुरंत बाद उसे रोहिणी जेल से अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
जांच के बाद होगा खुलासा
मृतक के बारे में कथित तौर पर कहा जा रहा है कि वह जेल के अंदर तंबाकू बेचता था. शायद विवाद की वजह यही रही होगी. जिसके बाद प्रमोद पर हमला कर दिया गया. हालांकि, अभी हत्या की वजहों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. जांच के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी.
ये भी पढे़ंः ‘प्लीज भैया, छोड़ दीजिए…’, जमुई में छात्रा से सड़क पर बदसलूकी का VIDEO वायरल, कई युवकों ने घेरा
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, जेल के अंदर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस और जेल प्रशासन दोनों ने जांच शुरू कर दी है. हमले में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार आखिर जेल के अंदर कैसे पहुंचा और हत्याकांड में मुकेश और भोला की क्या भूमिका रही? हर एंगल से जांच की जा रही है.
दिल्ली की रोहिणी जेल, वह केंद्रीय जेल है, जिसे सुरक्षा की लिहाज से काफी अच्छा माना जाता है, लेकिन इस घटना ने जेल और जेल प्रशासन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, जांच के बाद ही हत्याकांड का खुलासा हो पाएगा.
