रायपुर-भिलाई-दुर्ग-राजनांदगांव होते हुए निकला 36 लाख का गांजा… फिर लगी RPF को भनक, पति-पत्नी गिरफ्तार

मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल गोंदिया की अपराध गुप्तचर शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने पुरी-सूरत एक्सप्रेस से दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 69 पैकेट में 72.661 किलोग्राम गांजा बरामद किया है.

रायपुर. मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल गोंदिया की अपराध गुप्तचर शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने पुरी-सूरत एक्सप्रेस से दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 69 पैकेट में 72.661 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 36 लाख 33 हजार 50 रुपए बताई गई है.

रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, 24 अगस्त को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर गोंदिया क्राइम टीम ने दरेंकसा-गोंदिया के बीच ट्रेन संख्या 22827 पुरी-सूरत एक्सप्रेस में कार्रवाई की. टीम ने कोच बी-5 में चार ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में यात्रा कर रहे एक महिला और एक पुरुष यात्री को पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान टूकु नायक (38) और ईश्वरी बेहरा उर्फ इशू (35), निवासी काटाभाजी, बलांगीर, ओडिशा के रूप में बताई. चारों ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 69 पैकेटों में कुल 72.661 किलो गांजा बरामद हुआ.

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के कांटाभाजी से ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र के भुसावल ले जाया जा रहा था. आरोपियों ने पूर्व में भी करीब 10 बार गांजा तस्करी करने की बात बताई है. उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार, दोनों के खिलाफ ओडिशा के विभिन्न स्थानों में पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है. आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरामद गांजे सहित जीआरपी गोंदिया के सुपुर्द कर दिया. जीआरपी गोंदिया ने 25 अगस्त को अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी), 20(बी)ii(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले में आगे की विवेचना जारी है. इस पूरे मामले में हैरानी की बात ये है कि उक्त गांजा ओडिशा के बाद छत्तीसगढ़ के रायपुर-दुर्ग-राजनांदगांव और डोंगरगढ़ होते हुए महाराष्ट्र तक पहुंच गया और फिर आरपीएफ को इसकी भनक लगी.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur Breaking News: थाने में विवेचना के दौरान अवैध वसूली की शिकायत, SI निलंबित

ज़रूर पढ़ें