UP News: यूपी के बजट सत्र में स्वतंत्र देव सिंह को सतीश महाना ने कहा कांग्रेस सिंह, जानिए इस नाम के पीछे क्या है कहानी
Swatantra dev singh
UP News: यूपी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह अध्यक्ष सतीश महाना ने ऐसा बयान दिया जिसकी चर्चा चारों तरफ हो रही है. दरअसल लखनऊ विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान अध्यक्ष सतीश महाना ने स्वतंत्र देव सिंह का परिचय देते हुए उनका पुराना नाम कांग्रेस सिंह बता दिया. यह टिप्पणी सुनते ही सदन में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंसने लगे. इतना ही नहीं मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी हंसी रोक नहीं पाए और वो भी मुस्कुराते हुए नजर आए.
सदन में अध्यक्ष सतीश महाना ने क्या कहा-
सदन में अध्यक्ष सतीश महाना ने स्वतंत्र देव सिंह का परिचय देते हुए कहा कि ‘वह बीजेपी के टिकट पर वर्तमान विधान परिषद में तीसरी बार निर्वाचित हुए हैं. उन्होंने उनके जन्म, शिक्षा और राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र किया. इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि स्वतंत्र देव सिंह का एक नाम ‘कांग्रेस सिंह’ भी है’. ये सुनने के बाद सदन में माहौल खुशनुमा हो गया. अध्यक्ष ने फिर उनसे पूछा कि यह नाम पहले था या अब है, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि यह नाम पहले था. इसके बाद कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ी.
अलग अंदाज को लेकर रहते हैं चर्चा में
ऐसा पहली बार नहीं कि जब अध्यक्ष सतीश महाना ने हंसी मजाक किया हो, वह इससे पहले भी अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. इतना ही नहीं नराजगी जताने में भी वह सख्त रुख अपनाते हैं. बता दें कि कुछ दिनों पहले सदन में हंगामे के दौरान अध्यक्ष सतीश महाना हेडफोन फेंककर सदन से बाहर जा चुके हैं.
क्या सच में स्वतंत्र देव सिंह का नाम है ‘कांग्रेस सिंह’?
इसका जवाब है हां, ये बात पूरी तरह सच है. दरअसल योगी कैबिनेट 2.0 में शपथ लेने वाले मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा में शामिल होने के बाद अपना नाम बदला था. कुर्मी समाज में बड़े नेता के तौर पर अपनी एक अलग पहचान रखने वाले स्वतंत्र देव सिंह का बचपन का नाम कांग्रेस सिंह था. 13 जनवरी 1964 में यूपी के मिर्जापुर में जन्में स्वतंत्र देव सिंह का नाम उनके माता पिना ने कांग्रेस सिंह ही रखा था.