मुसीबत में कौन बचाएगा? एक साल पहले ही बता गए थे पायलट स्मित मछार, अब VIDEO हो रहा वायरल
स्मित मछार
Pilot Smit Machhar Old Video: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में सवार 174 लोगों की जान बचाने के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार लगातार चर्चा में हैं. दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच गंभीर घटना हुई. मछार घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे. यही वजह है कि लोगों की जान बच सकी. अब मछार का एक पुराना वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.
इस घटना के बाद मच्छार का करीब एक साल पुराना एक पॉडकास्ट इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस बातचीत में उन्होंने बताया था कि आसमान में अचानक कोई इमरजेंसी पैदा हो जाए तो यात्रियों के लिए प्रशिक्षित केबिन क्रू की भूमिका कितनी अहम होती है.
उनका कहना था कि विमान में डॉक्टर मौजूद होना अच्छी बात है, लेकिन हर फ्लाइट में ऐसा जरूरी नहीं है. ऐसे समय में केबिन क्रू अपनी ट्रेनिंग के जरिए यात्रियों की मदद कर सकता है. इसी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मछार ने वीडियो में क्या-क्या कहा?
मछार ने बातचीत में मेडिकल इमरजेंसी का एक उदाहरण भी साझा किया था. उन्होंने बताया था कि एक उड़ान के दौरान एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी. केबिन क्रू ने स्थिति की जानकारी कॉकपिट तक पहुंचाई. इसके बाद पायलटों ने संभावित मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए नजदीकी एयरपोर्ट, मौसम और दूसरी जरूरी चीजों की तैयारी शुरू कर दी. इसी दौरान क्रू ने जानकारी दी कि विमान में ही बच्चे का जन्म हो चुका है.
स्पाइसजेट में भी काम कर चुके हैं मछार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मच्छार ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा स्पाइसजेट में बिताया और बाद में 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े. उनके पास हजारों घंटे का उड़ान अनुभव है. अब उनके पुराने इंटरव्यू की बातें इसलिए चर्चा में हैं. क्योंकि जिस आपात स्थिति में उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा के लिए कदम उठाया, वही बातें उन्होंने काफी पहले विमान में सुरक्षा और क्रू की जिम्मेदारी को लेकर कही थीं.
ये भी पढ़ें:‘1 भारतीय ने बचाई 9/11 जैसी तबाही…’, स्मित मछार की PM मोदी और नेतन्याहू ने की जमकर तारीफ