‘जिसे दिक्कत है वह पाकिस्तान जाए या…’, सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर भड़के यूपी के मंत्री

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर कहा कि ऐसे लोगों को पाकिस्तान या इराक चले जाना चाहिए.
UP Minister Raghuraj Singh

यूपी सरकार के मंत्री रघुराज सिंह

Aligarh News: उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनके बयान को लेकर अब विवाद गहराता ही जा रहा है. उन्होंने कहा कि सड़क पर नमाज पढ़ना कानून के खिलाफ है और ऐसे लोगों को पाकिस्तान या इराक चले जाना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने सरकार से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. मंत्री के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की है. जानिए क्या है पूरा मामला?

क्या बोले मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह?

दरअसल, अलीगढ़ में कुछ मुस्लिमों ने ईद के मौके पर ईदगाह के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ी थी. जिसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया. इसी बीच मंत्री रघुराज सिंह ने बयान देकर मामले को हवा दे दी. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर नमाज पढ़ना नाजायज है और इसका पालन किया जाना चाहिए. सड़क पर नमाज पढ़ने वालों ने कानून का उल्लंघन किया है. इसलिए उन पर कठोर कार्रवाई भी होनी चाहिए.

नमाज पढ़ने वाले जाएं पाकिस्तान और इराक

उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी को सड़क पर नमाज पढ़नी है, तो वह पाकिस्तान जाए इराक जाए या ऐसी जगह जाए जहां मुस्लिम कंट्री में ईद नहीं मनाई जा रही है. सड़क पर नमाज पढ़ना कोई मौलिक अधिकार नहीं है. अगर यहां रहना है तो हिंदुस्तान के संविधान के हिसाब से रहना पड़ेगा. इसके साथ ही उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मैं कई अरब देशों में घूमा हूं, वहां मैंने देखा है कि लोग मस्जिद के अंदर ही नमाज पढ़ते हैं. अगर एक भी व्यक्ति ज्यादा है तो वो अपने घर जाकर नमाज़ पढ़ता है.

ये भी पढे़ंः उत्तर में ममता, दक्षिण में अभिषेक संभालेंगे मोर्चा, TMC ने अपनाई ट्विन कैंपेन स्ट्रैटेजी, BJP को घेरने की रणनीति?

दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

मंत्री ने कहा कि इस मामले में जिन अधिकारियों को दोषी पाया जाएगा. उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी इस घटना को संज्ञान में लिया है. बता दें, यह विवाद वीडियो वायरल होने के बाद उठा था. फिलहाल, मंत्री के बयान के बाद वाद-विवाद का दौर जारी है.

ज़रूर पढ़ें