अखिलेश से दूरी- मायावती से नजदीकी बढ़ा रही कांग्रेस? यूपी चुनाव को लेकर राहुल का प्लान B तैयार
इमरान मसूद और मायावती (File Photo)
Distancing Akhilesh Eyeing Mayawati: यूपी चुनाव को लेकर सभी दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी की है. सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा जारी है. आज चर्चा का तीसरा और अंतिम दिन है, लेकिन तक फाइनल बातचीत की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. सीट शेयरिंग की चर्चा के बीच समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को 5 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी. जिसके बाद विवाद गहरा गया. कांग्रेस सांसद इमरान ने सपा से नाराजगी जताते हुए मायावती को अपना नेता बताया. फिलहाल, इमरान मसूद के इस बयान के बाद यूपी चुनाव में हलचल तेज हो गई है.
सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर इमरान मसूद भड़क गए हैं. उनके भड़कने की वजह है सपा ने उनके लोकसभा क्षेत्र की 2 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं. इसी बीच इमरान मसूद ने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती को साथ आने की सलाह दी है. इतना ही नहीं, मायावती को अपना नेता बताते हुए कहा कि बहन जी कांग्रेस के साथ आएं. अब सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर क्या कांग्रेस ने अपना प्लान B तैयार कर लिया है.
क्या बोले इमरान मसूद?
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, ‘बहन जी बहुत बड़ी नेता हैं, मैं तो चाहता हूं कि वह हमारे साथ आएं. मैंने कब मना किया.’ हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मायावती ही तय करेंगी कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन करेंगी या नहीं. इमरान मसूद ने मायावती को बड़ा नेता बताते हुए कहा कि अगर मायावती साथ आती हैं तो प्रदेश की तस्वीर बदल जाएगी.
मायावती की ओर से नहीं आया कोई बयान
सपा से गठबंधन को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि जो भी होगा अच्छा ही होगा. हमें भाजपा के खिलाफ राहुल गांधी की आवाज को मजबूत करना है. हालांकि, यूपी चुनाव में सीट शेयरिंग की बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने मायावती का जिक्र क्यों किया? यह तो वहीं जानेंगे, लेकिन उनके इस बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. फिलहाल, अभी तक मायावती की ओर से भी कोई बयान सामने नहीं आया है.



