बंगाल में बढ़ा सियासी पारा, TMC ने EC अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा! दर्ज कराई शिकायत
प्रतीकात्मक तस्वीर
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले जमकर सियासी सरगर्मी देखने को मिल रही है. एक तरफ जहां ममता सरकार बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमला बोल रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी भी टीएमसी पर हमला बोल रही है. इन सब के बीच कोलकाता के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जिसमें कथित तौर पर चुनाव आयोग के अधिकारी बीजेपी की चुनाव प्रचार सामग्री तैयार कर रहे थे. यह वीडियो सामने आने के बाद से ही जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद से ही टीएमसी चुनाव आयोग और बीजेपी पर हमला बोल रही है. टीएमसी की मांग है कि जिन अधिकारियों का वीडियो वायरल हुआ है, उनको तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए. इसके साथ ही पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जाए.
TMC ने दर्ज कराई शिकायत
तृणमूल कांग्रेस ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के पास सेक्टर अधिकारी अतानु चक्रवर्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें उन पर चुनाव कर्मचारियों के लिए अपेक्षित निष्पक्षता से समझौता करने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया. शिकायत में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का हवाला दिया गया है, जिसमें कथित तौर पर चक्रवर्ती भाजपा के झंडे और पर्चे व्यवस्थित करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
टीएमसी ने अपने पत्र में क्या लिखा?
चुनाव आयोग को लिखे अपने पत्र में टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने आरोप लगाया कि अधिकारी बीजेपी से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त हैं, जो आदर्श आचार संहिता और चुनाव कर्मियों के आचरण को नियंत्रित करने वाले अन्य प्रावधानों का उल्लंघन है. उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. पार्टी पदाधिकारियों ने चक्रवर्ती को सभी चुनावी कर्तव्यों से मुक्त करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने ने की अपील की है. बंगाल में वोटिंग से पहले इस तरह के मामले ने सियासी पारा और बढ़ा दिया है.
ये भी पढ़ें: राज्यसभा में कभी नहीं बोल पाएंगे राघव चड्ढा? AAP के एक्शन अब भी ये 4 ऑप्शन