जंतर-मंतर साजिश से VIP निगरानी तक! बंगाल में कथित आतंकी नेटवर्क का खुलासा
बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किए दो संदिग्ध
West Bengal Police Terror Module STF: पश्चिम बंगाल STF ने एक कथित आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है. STF के मुताबिक, पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार किए गए हमीम मंडल के संबंध जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक मॉड्यूल से होने की जांच की जा रही है. STF का आरोप है कि हमीम को विदेश में बैठे लोगों से निर्देश मिल रहे थे. उसे अलग-अलग गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.
STF अधिकारियों के अनुसार, हमीम को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी. एजेंसी का दावा है कि उसे पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल कर भीड़ में शामिल होने और अशांति फैलाने के लिए कहा गया था.
जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि हमीम पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. STF के मुताबिक, उसे नेताओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य संवेदनशील जानकारियां जुटाने का काम सौंपा गया था.
अर्पिता सरकार पर भी गंभीर आरोप
STF ने हमीम की कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को झारखंड से गिरफ्तार किया है. एजेंसी का कहना है कि दोनों लंबे समय से संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए उनकी पहचान हुई थी.अर्पिता पर प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनाने और निजी रिश्तों के जरिए जानकारी हासिल करने का आरोप है. STF का दावा है कि एक राज्य मंत्री के बेटे को फंसाने, अपहरण करने और फिरौती मांगने की कथित योजना भी इसी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है.
विदेशी SIM और ऑनलाइन संपर्कों की जांच
STF ने बताया कि तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों से विदेशी SIM कार्ड मिलने की बात सामने आई है. एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है. इनका इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क के लिए किया गया था. क्या इनके जरिए किसी संगठित नेटवर्क से बातचीत होती थी?
STF के अनुसार, हमीम की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ऐसे लोगों से हुई, जो कथित तौर पर कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े थे. एजेंसी का कहना है कि धीरे-धीरे वह एक बड़े नेटवर्क के संपर्क में आया.
ये भी पढ़ें:विजय के बाद अब धनुष की बारी? क्यों लगाई जा रही राजनीति में एंट्री की अटकलें