“बीवी तक का नंबर भूल गया…”, अखिलेश यादव से बातचीत के सवाल पर ऐसा क्यों बोले आजम खान?
आजम खान और अखिलेश यादव
Azam Khan: हाल ही में जेल से रिहा हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. उनको लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि वे सपा छोड़कर बसपा में जा सकते हैं. कभी सवाल उठ रहे हैं कि क्या उनकी अखिलेश यादव से बात हुई. ऐसे ही कुछ सवालों पर मीडिया के सामने आजम खान ने खुलकर अपनी राय रखी. सजा के दौरान जेल में कैसे वे रह रहे थे, इस पर भी उन्होंने बात की.
अखिलेश यादव से बातचीत के सवाल क्या बोले?
23 महीने बाद जेल से रिहा हुए सपा के कद्दावर नेता आजम खान ने पत्रकारों से खुलकर बात की. उन्होंने तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखी. आजम खान ने बताया कि जेल में उनका जीवन कैसे कटा. जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि जेल में अखिलेश यादव से बात हुई? तब उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव मेरे उतने ही करीब हैं जितने कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) थे. मैं खुश हूं कि उन्होंने मेरे बारे में मीडिया से बात की.”
आजम खान ने तंज कसते हुए, “नियमों के अनुसार जेल के अंदर किसी से भी बात करने की अनुमति नहीं थी. जेल में रहकर मैं तो अपनी बीवी का भी नंबर भूल गया हूं. अब तो मुझे फोन चलाने में भी तकलीफ हो रही है.”
आगे उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि सजा के दौरान जो नेता उनसे जेल में मिलने नहीं आए उन लोगों से किसी भी तरह की नाराजगी नहीं है. वे सभी की खुशी और समृद्धि की कामना करते हैं. साथ ही मजाकिया लहजे में कहा कि जो लोग मुझे पहले नहीं पहचानते थे मुकदमों की वजह से अब मुझे जानने लगेंगे.
बसपा में शामिल होने के सवाल पर क्या बोले?
जब आजम खान से बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने की अटकलों पर सवाल पूछा गया तो उन्होने कहा, “मैं एक चरित्र वाला आदमी हूं. ऐसे किसी फैसले के बारे में कभी नहीं सोच सकता.” उनके इस जवाब से साबित होता है कि वो समाजवादी पार्टी का साथ छोड़ बसपा में शामिल नहीं हो रहे हैं.
न्यायपालिका पर जताया भरोसा
अपने ऊपर चल रहे कानूनी मामलों पर आजम खान ने कहा, “किसी भी मामले में केस रद्द होने की जरूरत नहीं है.” उन्होंने भरोसा जताया कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट से इंसाफ मिलेगा. हाई कोर्ट से बेल मिलने पर सपा नेता ने कहा कि किसी भी केस में दम नहीं था और जहां तक मुकदमों का सवाल है अगर कुछ सच्चाई होती तो आज मैं आपको बाहर नहीं दिखता. मुझे विश्वास है कि एक दिन मैं बेदाग साबित हो जाऊंगा.
#WATCH रामपुर: समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने कहा, "जहां तक मुकदमों का सवाल है उन मुकदमों में अगर कोई दम होता तो मैं आज बाहर नहीं दिखता। छोटी अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मुझे इंसाफ मिलने की उम्मीद है। एक दिन मैं बेदाग हो जाऊंगा।" pic.twitter.com/nMonh6sBI0
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 24, 2025
वहीं उन्होंने I Love Muhammad पर चल रहे विवाद पर भी बात की. आजम खान ने कहा कि मैं मोहम्मद का पैरोकर हूं. धर्म को लेकर मेरे विचार हमेशा से साफ हैं.



