Vistaar NEWS

बिना AC के घर को कैसे ठंडा रखें? जानिए गर्मी से बचने के आसान तरीके

home

बिना ऐसी के घर कैसे ठंडा रखें

Home Cooling Tips: गर्मियां शुरू होते ही घरों, ऑफिसों, स्कूलों और कॉलेजों में एसी (AC) चलने लगते हैं.इन दिनों पारा लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाहर निकलने पर भीषण धूप और गर्मी का सामना करना पड़ता है. अमीर और शहरों में रहने वाले लोग तो गर्मी से बचने के लिए एसी और महंगे कूलर्स का इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर और गांवों में रहने वाले लोग अक्सर इनका खर्च नहीं उठा पाते, जिससे वे लू और गर्मी की चपेट में आ जाते हैं. इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे आसान घरेलू उपायों के बारे में बताएंगे, नकी मदद से आप अपने घर को ठंडा रख सकते हैं. इन देसी नुस्खों को अपनाने से घर में एसी जैसी ठंडक बनी रहेगी.

धूप से घर को कैसे बचाएं?

यह उपाय आज या कल के नहीं बल्कि पुराने जमाने के लोग भी अपने घरों को ठंडा रखने के लिए इन्हीं का इस्तेमाल करते थे. गर्मियों में तेज धूप के कारण कमरों और पूरे घर का तापमान काफी बढ़ जाता है, खासकर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जब धूप की किरणें सबसे तेज होती हैं. इससे बचने के लिए सबसे पहले सभी खिड़कियों और दरवाजों पर हल्के रंग के मोटे पर्दे या ‘ब्लाइंड्स’ लगाएं. सफेद या हल्के रंगों के कपड़े सूर्य की किरणों को परावर्तित (reflect) कर उन्हें घर के अंदर आने से रोकते हैं. इसके अलावा, गर्मी के मौसम में छत पर सफेद या रिफ्लेक्टिव पेंट करवाएं. इससे घर के भीतर की गर्मी 70 से 80 प्रतिशत तक कम हो जाती है. ठंडक के लिए बालकनी या खिड़कियों पर ‘खस की चिलमन’ (चिक) लगाना भी एक बेहतरीन ऑप्शन है.

क्रॉस वेंटिलेशन और नाइट फ्लशिंग

गर्मियों के मौसम में जब रात के समय तापमान कम हो जाए, तो घर के दरवाजे और खिड़कियां खोल दें ताकि ‘क्रॉस वेंटिलेशन’ हो सके. इन्हें सुबह 5 से 8 बजे तक खुला रहने दें और धूप बढ़ने पर बंद कर दें. ऐसा करने से रात की ठंडी हवा कमरों में भर जाती है और तापमान को सामान्य कर ठंडक पहुंचती है . साथ ही किचन और बाथरूम में ‘एग्जॉस्ट फैन’ जरूर लगाएं. ये अंदर की गर्म हवा को बाहर निकालते हैं और कमरों के भीतर ठंडक बनाए रखने में मदद करते हैं.

घर में पौधे लगाएं

घर के अंदर स्नेक प्लांट, एलोवेरा और मनी प्लांट जैसे पौधे लगाने से हवा शुद्ध और ठंडी रहती है. साथ ही छत पर ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाएं, क्योंकि इनकी प्राकृतिक छाया घर को तपिश से बचाती है. गर्मी कम करने के लिए फर्श पर गीला कपड़ा या टाट बिछाना भी बहुत फायदेमंद होता है. इसके अलावा, एक आसान तरीका यह है कि टेबल फैन के सामने बर्फ का कटोरा या ठंडे पानी की बोतल रख दें, जिससे आपको एसी (AC) जैसी ठंडी हवा मिलेगी.

ये भी पढ़ें-घर पर बनाएं साउथ इंडियन स्टाइल दही मिर्च, जानिए आसान तरीका

गर्मी पैदा करने वाले काम रात में करें

दिन के समय ओवन, गैस चूल्हा और वॉशिंग मशीन जैसी मशीनों का कम से कम उपयोग करें, क्योंकि इनसे निकलने वाली गर्मी घर का तापमान बढ़ा देती है. कोशिश करें कि खाना सुबह जल्दी या रात के ठंडे समय में ही बना लें. घर की फालतू लाइटें बंद रखें और पुराने पीले बल्बों की जगह LED बल्ब लगाएं, जो कम गर्म होते हैं. इसके अलावा, खुद को ठंडा रखने के लिए सूती (Cotton) कपड़े पहनें और बिस्तर पर भी कॉटन की चादरों का ही इस्तेमाल करें.

Exit mobile version