CBSE 10th Result 2026: सीबीएसई 10वीं के परीक्षा परिणाम में बेटियों ने मारी बाजी, 92.6% छात्र-छात्राएं पास
CBSE बोर्ड
CBSE 10th Result 2026: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने बुधवार को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है, जिससे देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया. इस साल कुल 92.6% छात्र परीक्षा में सफल रहे. लगभग 25 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था. रायपुर में पास प्रतिशत 88.4% दर्ज किया गया, जबकि भोपाल में यह आंकड़ा 92.48% रहा. वहीं भोपाल रीजन का कुल रिजल्ट 82.46% रहा, जहां से 1,15,889 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं.
भोपाल के टॉपर्स ने किया शानदार प्रदर्शन
भोपाल शहर के टॉप प्रदर्शन करने वाले छात्रों में दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा सान्वी झा और सेज इंटरनेशनल स्कूल के आस्तिक पाठक शामिल रहे, जिन्होंने 99.8% अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया. दोनों विद्यार्थियों ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर शहर में पहला स्थान हासिल किया.
दक्षिण भारत के जोनों का रहा दबदबा
देशभर में इस बार दक्षिण भारत के जोनों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा. विजयवाड़ा जोन ने 99.60% रिजल्ट के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि तिरुवनंतपुरम 99.32% के साथ दूसरे और चेन्नई 97.39% के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
बेटियों ने फिर मारी बाजी
इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है. लड़कियों का पास प्रतिशत 91.64% दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का 85.70% रहा. इस तरह छात्राओं ने करीब 5.94% की बढ़त के साथ अपनी श्रेष्ठता कायम रखी.
नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों का बेहतर परिणाम
स्कूलों के प्रदर्शन की बात करें तो जवाहर नवोदय विद्यालय 99.29% सफलता दर के साथ सबसे आगे रहे, जबकि केंद्रीय विद्यालय 99.05% के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जो उनके लगातार बेहतर परिणामों को दर्शाता है.
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट डिजिलॉकर सहित कई आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर देख सकते हैं, जिनमें results.cbse.nic.in, cbse.gov.in, results.nic.in, results.digilocker.gov.in और umang.gov.in शामिल हैं. इसके अलावा जिन छात्रों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे एसएमएस के माध्यम से भी अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स में निर्धारित फॉर्मेट में जानकारी टाइप कर 7738299899 नंबर पर भेजना होगा, जिसके बाद उन्हें उनका परिणाम प्राप्त हो जाएगा.