Vistaar NEWS

प्रेमी से हुआ झगड़ा तो हाई टेंशन टावर पर चढ़ी नाबालिग, घटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा; पुलिस ने कॉन्फ्रेंस कॉल पर युवक से करवाई बात

High voltage drama of a minor girl climbing a high tension tower in Singrauli.

सिंगरौली में नाबालिग लड़की का हाई टेंशन टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा.

Input- अनिल सिंह

MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से झगड़े के बाद हाई टेंशन टावर पर चढ़ गई. लगभग डेढ़ सौ फीट ऊंचे टावर पर चढ़ने के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. किशोरी के पास मोबाइल था लेकिन वो किसी का फोन नहीं उठा रही थी. इस दौरान घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. हालांकि किसी तरह समझाबुझाकर पुलिस ने नाबालिग को नीचे उतार लिया.

प्रेमी से कॉन्फ्रेंस कॉल पर करवाई बात

पूरा मामला चितरंगी थाना क्षेत्र के धानी गांव का है. यहां आज सुबह प्रेम प्रसंग के चलते एक नाबालिग किशोरी 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई. घटना सुबह करीब 10 बजे की है. किशोरी को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. चितरंगी पुलिस को सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुदेश तिवारी टीम के साथ पहुंचे. किशोरी अपने साथ मोबाइल लेकर टावर पर चढ़ी थी, लेकिन किसी का कॉल रिसीव नहीं कर रही थी.

परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है. इसी बात से नाराज होकर वह टावर पर चढ़ गई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने युवक के मोबाइल से कॉन्फ्रेंस कॉल करवाया. इसके बाद पुलिस और परिजनों ने लगातार बातचीत कर किशोरी को समझाबुझाकर नीचे उतारा. इस दौरान करीब 3 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा.

पुलिस की अपील- इमोशनल होकर घातक कदम ना उठाएं

दोपहर करीब 1 बजे पुलिस और परिजनों की समझाइश के बाद किशोरी सुरक्षित नीचे उतर आई. किशोरी के नीचे उतरते ही सभी ने राहत की सांस ली. पुलिस ने तुरंत उसे उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल किशोरी की हालत सामान्य बताई जा रही है. चितरंगी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी और युवक दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है. वहीं घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सभी युवाओं से अपील की है कि ऐसी स्थिति में भावनाओं में बहकर कोई गलत कदम न उठाएं. इससे आपके परिवार वालों को बहुत दुख होता है.

ये भी पढ़ें: रीवा में दुर्लभ बीमारी ने छीना 4 मासूमों का बचपन, ‘अंग्रेज’ कहकर बुलाते हैं लोग, अंधेरे में जिंदगी काटने को मजबूर

Exit mobile version