भोपाल: गन्ने के दाम 600 रुपये करने की मांग पर किसानों का प्रदर्शन, CM हाउस घेराव की थी तैयारी, पुलिस ने रोका
भोपाल में किसानों का प्रदर्शन
Bhopal News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से करीब 200 किसान सोमवार को गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग लेकर भोपाल पहुंचे. मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रहे किसानों को पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया. इसके बाद किसान बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सामने धरने पर बैठ गए. किसानों की मांग है कि गन्ने का मौजूदा भाव 400 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए. साथ ही 50 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाए. किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से 450 रुपये प्रति क्विंटल देने की बात कही जा रही है, लेकिन बढ़ती लागत के मुकाबले यह राशि पर्याप्त नहीं है.
खेती की लागत बढ़ी, मौजूदा भाव में मुनाफा मुश्किल
किसानों ने बताया कि एक एकड़ में गन्ने की खेती करने के लिए बीज पर 15 से 20 हजार रुपये खर्च होते हैं. मजदूरी के लिए 7 से 8 हजार रुपये और ट्रैक्टर किराए पर 12 से 13 हजार रुपये तक देने पड़ते हैं. इसके अलावा डीजल, बिजली और खाद का खर्च भी उठाना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि 1,200 रुपये में मिलने वाला खाद का कट्टा 2,500 रुपये तक में बेचा जा रहा है. किसानों का कहना है कि खेती का खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
किसानों का कहना है कि सरकार 450 रुपये प्रति क्विंटल भाव देने की बात कर रही है, जबकि किसानों की मांग 600 रुपये है. उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों को मिलने वाले मूल्य में 150 रुपये का अंतर क्यों रखा जा रहा है.
सात दिन प्रदर्शन के बाद भोपाल पहुंचे किसान
किसानों के मुताबिक, नरसिंहपुर में किसान अपनी मांग को लेकर सात दिन तक प्रदर्शन कर चुके हैं. इस दौरान एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद किसानों ने भोपाल पहुंचकर अपनी आवाज उठाने का फैसला किया.
राष्ट्रवादी किसान आर्मी के किसानों ने कहा कि अन्नदाता को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की बात नहीं सुनी गई तो आंदोलन में और लोग शामिल हो सकते हैं. उन्होंने मूंग आंदोलन का भी जिक्र किया.
कृषि संचालक से बातचीत बेनतीजा
किसान नेता के अनुसार, कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव ने पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की. बातचीत में किसानों ने 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव और 50 रुपये बोनस की मांग रखी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. किसानों ने बताया कि अधिकारियों ने कहा कि गन्ने का भाव तय करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है. किसान नेता बसंत पटेल के मुताबिक, गन्ना आयुक्त ने मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद निर्णय बताने की बात कही थी.
जनप्रतिनिधियों पर किसानों की अनदेखी का आरोप
किसानों ने जनप्रतिनिधियों पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय नेता घर-घर पहुंचते हैं, लेकिन बाद में किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते. उन्होंने विधायक उदय प्रताप और सांसद कैलाश पटेल का भी नाम लिया.
प्रदर्शन स्थल पर पुलिस तैनात, ठहरने की व्यवस्था
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है. एसीपी उमराव सिंह ने बताया कि एसडीएम निधि चौकसे और तहसीलदार भी मौके पर मौजूद हैं. किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है. प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों के ठहरने के लिए टेंट, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की है. अधिकारियों के मुताबिक, खाने का इंतजाम किसान स्वयं कर रहे हैं. किसानों ने प्रशासन को आश्वासन दिया है कि वे शांति बनाए रखेंगे और कानून अपने हाथ में नहीं लेंगे.



