MP News: राजधानी भोपाल में बुधवार (20 मई) को उस समय हड़कंप मच गया, जब सीएम मोहन यादव के काफिला में वाहन घुस गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को पकड़ लिया. कोहेफिजा थाना पुलिस ने कारकेड में घुसने वाली कार को जब्त कर लिया है. वहीं टीआई केजी शुक्ला का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से भोपाल पहुंचे. स्टेट हैंगर से निकलने के बाद कुछ दूरी पर सीएम के काफिले में रात करीब 10 बजे एक वाहन घुस गया. इसे सुरक्षा में चूक मानते हुए तुरंत कार्रवाई की गई. कार चालक को पुलिस ने पकड़ा तो पता चला कि उसे आरक्षक शैलेश अवस्थी चला रहे थे. इसके बाद उनका मेडिकल कराया गया. इसके साथ ही पूछताछ की गई.
क्या कार्रवाई की जाएगी?
दरअसल, सीएम को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली हुई है. यही वजह है कि पहले से तय सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू रहता है. इसके साथ ही सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी भी निर्धारित रहती है. इस तरह बिना अनुमति या अचानक कोई वाहन कारकेड में आ जाता है तो इसे सुरक्षा में चूक माना जाता है. काफिले में घुसने वाले आरक्षक पहले से ही वीआईपी ड्यूटी में तैनात हैं. पुलिस अधिकारियों की माने तो विभागीय जांच के बाद तय किया जाएगा कि आरक्षक को लाइन अटैच किया जाना है या निलंबन.
आरक्षक का क्या कहना है?
पुलिस कॉन्स्टेबल शैलेश अवस्थी का काम मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आने वाले बुके और फूल-माला की जांच करना है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार आरक्षक ने बताया कि वह लगातार 15 घंटे से भूखे ड्यूटी कर रहा था. बहुत थकने के बाद खाना खाने के लिए जल्दबाजी में घर के लिए कार से निकल पड़ा. इसी दौरान कॉन्स्टेबल की कार सीएम के काफिले के बीच आ गई.
