Vistaar NEWS

Bhopal: राजधानी की सड़कों पर आज से दौड़ेंगी 10 और नई ई-बसें, शहर के इन रूट्स में होगी बेहतर कनेक्टिविटी

E-bus service in Bhopal

भोपाल ई-बसें

Bhopal News: राजधानी भोपाल में मंगलवार से पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा और बेहतर होने जा रही है. शहर की सड़कों पर 10 नई इलेक्ट्रिक बसें उतरेंगी. इसके साथ ही ई-बसों की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी. नई बसों से बैरागढ़, कोलार रोड, बावड़ियाकलां और सलैया जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. सभी बसें एमपी नगर से होकर गुजरेंगी, जिससे नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी.

रोज 10 से 12 हजार यात्री कर सकेंगे सफर

भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) फिलहाल 10 ई-बसों का संचालन कर रहा है. इनसे रोजाना औसतन 4500 यात्री सफर कर रहे हैं. मंगलवार से 10 और बसें शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़कर करीब 10 से 12 हजार प्रतिदिन होने का अनुमान है. इनमें छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की संख्या भी काफी है. बसों का न्यूनतम किराया 6 से 7 रुपए और अधिकतम 40 रुपए तक है.

B35 रूट से बैरागढ़-सलैया जुड़ेंगे

B35 रूट चिरायु अस्पताल, बैरागढ़ से आकृति ईको सिटी, सलैया तक रहेगा. इस मार्ग पर लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट, पीर गेट, कमला पार्क, रोशनपुरा, एमपी नगर मेट्रो स्टेशन, विट्ठन मार्केट, 1100 क्वार्टर, रोहित नगर और बावड़िया चौराहा जैसे प्रमुख इलाके आएंगे.

B36 रूट कोलार रोड तक जाएगा

B36 रूट कोच फैक्ट्री से कोलार रोड तक संचालित होगा. इसके रास्ते में भोपाल रेलवे स्टेशन, अशोका गार्डन, सुभाष नगर, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर मेट्रो स्टेशन, मनीषा मार्केट, बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी, मंदाकिनी चौराहा, नयापुरा और बैरागढ़ चिचली जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे.

B37 रूट से आईएसबीटी तक कनेक्टिविटी

B37 रूट बैरागढ़ ई-बस डिपो से आईएसबीटी तक चलेगा. यह बैरागढ़, लालघाटी, हमीदिया अस्पताल, शाहजहांनाबाद, नादरा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जहांगीराबाद, मालवीय नगर, मिंटो हॉल, बिड़ला मंदिर, वल्लभ भवन, जिला न्यायालय और डीबी मॉल को जोड़ेगा.

दिव्यांग यात्रियों के लिए खास सुविधा

ई-बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए हाइड्रोलिक डोर लगाए गए हैं. इनके जरिए व्हीलचेयर और ट्रायसिकल से आने वाले यात्री आसानी से बस में चढ़ और उतर सकेंगे. डोर के सामने दो व्हीलचेयर या ट्रायसिकल खड़े करने की पर्याप्त जगह भी है.

छोटे आकार से ट्रैफिक में मिलेगी मदद

ई-बसों की लंबाई करीब 9 मीटर है, जबकि कई मौजूदा सिटी बसें 12 मीटर तक लंबी हैं. छोटे आकार के कारण ई-बसों को संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाना अपेक्षाकृत आसान होगा. हालांकि, भारी ट्रैफिक और जाम वाले मार्गों पर परेशानी की स्थिति बन सकती है.

ये भी पढे़ं- भाेपाल में शुरू हुई AC ई-बसें, पहले ही दिन 2 हजार से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर, BCLL को मिला 25 हजार का राजस्‍व

Exit mobile version