रिटायरमेंट के बाद भी मुख्यमंत्री सचिवालय में रहेंगे IAS चंद्रशेखर वालिंबे, एक साल की संविदा नियुक्ति मिली
आईएएस चंद्रशेखर वालिंबे को एक साल की संविदा नियुक्ति मिली
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सचिवालय में पदस्थ आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर वालिंबे रिटायरमेंट के बाद भी मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी सेवाएं देते रहेंगे. राज्य सरकार ने सेवानिवृत्ति से पहले ही उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाने का फैसला किया है. वालिंबे 30 नवंबर 2026 को नियमित शासकीय सेवा से रिटायर होंगे. इसके अगले दिन यानी 1 दिसंबर 2026 से उन्हें एक साल के लिए संविदा नियुक्ति दी जाएगी. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराई है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग में आदेश जारी कर दिया है.
वालिंबे मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ रहने वाले दूसरे ऐसे अधिकारी होंगे, जो नियमित सेवा से रिटायर होने के बाद भी मुख्यमंत्री कार्यालय में जिम्मेदारी संभालेंगे. डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अब तक सबसे लंबे समय तक ओएसडी के तौर पर काम करने वाले पहले आईएएस अधिकारी भी चंद्रशेखर वालिंबे हैं. उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और मुख्यमंत्री के साथ पुराने विभागीय तालमेल को भी इस नियुक्ति की एक अहम वजह माना जा रहा है.
पुराना प्रशासनिक जुड़ाव रहा
चंद्रशेखर वालिंबे का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रशासनिक जुड़ाव पुराना है. जब डॉ. मोहन यादव प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे, उस दौरान वालिंबे उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उच्च शिक्षा विभाग में काम करने के दौरान ही दोनों के बीच प्रशासनिक समन्वय बना. इसके बाद वालिंबे अलग-अलग विभागों में पदस्थ रहे, लेकिन दिसंबर 2023 में डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ किया गया. तब से वे लगातार मुख्यमंत्री कार्यालय में ओएसडी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
मुख्यमंत्री सचिवालय में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है. मुख्यमंत्री के विभागीय कामकाज, प्रशासनिक समन्वय और विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों के साथ संपर्क में ओएसडी की जिम्मेदारी अहम मानी जाती है. नियमित सेवा से रिटायर होने के बाद भी सरकार ने उनके अनुभव का लाभ लेने के लिए एक साल की संविदा नियुक्ति का निर्णय लिया है.
हिंगणकर भी संभाल रहे जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री सचिवालय में रिटायरमेंट के बाद नियुक्ति पाने वाले दूसरे अधिकारी चंद्रशेखर वालिंबे होंगे. इससे पहले आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार हिंगणकर को भी रिटायरमेंट के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया था. इंदौर में पदस्थ रहने के दौरान पुलिस सेवा से रिटायर होने के बाद हिंगणकर मुख्यमंत्री सचिवालय में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. राज्य सरकार उन्हें दो बार सेवा वृद्धि दे चुकी है. वे करीब दो साल से मुख्यमंत्री कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिलहाल मुख्यमंत्री सचिवालय में तीन अन्य ओएसडी भी पदस्थ हैं. वालिंबे की संविदा नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में अनुभवी अधिकारियों की सेवाएं रिटायरमेंट के बाद भी लेने की व्यवस्था जारी रहेगी. सरकार के इस फैसले को मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के नजरिए से भी देखा जा रहा हैं.



