MP Weather Update: एमपी में बारिश का लंबा दौर शुरू, गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
फाइल फोटो
MP Weather Update: पिछले कई दिनों से मध्य प्रदेश में मौसम अनमना सा बना हुआ था कहीं पर बारिश हो रही थी तो कई जिलो में लू चलने की खबरें भी सामने आ रही थी लेकिन अब लोगों को तेज तपन से निजात मिली हुई नजर आ रही है. ठंडी हवाओं के झोंकों के साथ राज्य में एक बार फिर मौसम खुशनुमा हो चुका है. आइए जानते है कि कैसा रहेगा आज का मौसम.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मानसून की आहट से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे यह साफ है कि आने वाले दिन लोगों के लिए राहत भरे होने वाले हैं. विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर और सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश के आसपास चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय है. इसके प्रभाव से पूर्वी, मध्य और दक्षिणी मध्यप्रदेश के जिलों में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.