Betul News: मध्य प्रदेश के बैतूल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव में जड़ी-बूटी का रस पीने से दो लोगों को मौत हो गई. पांच लोगों हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि सभी शराब की लत छुड़ाने के लिए दवा का सेवन करने के लिए पहुंचे थे. गंभीर मरीजों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
क्या है पूरा मामला?
ये पूरा मामला बुधवार (18 नवंबर 2026) का बताया जा रहा है. आठनेर, चिचोली, सारनी समेत आसपास के लोग शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटियों से बनी दवा पीने राजा बैठक ढाना क्षेत्र में बाबा रमेश उईके के पास पहुंचे थे. जड़ी-बूटियों से बनी दवा पीने से लोगों की हालत बिगड़ने लगी. कुछ देर बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. इसके बाद गंभीर हालत में चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. सभी की हालत गंभीर होने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. इनमें से दो लोगों की मौत इलाज के दौरान हो गई. वहीं, 5 लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रमेश उईके और दो सेवादारों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही सामग्री जब्त कर ली गई है. पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना घटनास्थल का मु्आयना किया. हालांकि अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि लोगों की मौत किस वजह से हुई. जड़ी-बूटी जहरीली थी या कोई और वजह थी.
जिला चिकित्सा अधिकारी ने क्या कहा?
जिला चिकित्सा अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि राजा की बैठक इलाके में शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटी पानी में घोलकर पिलाई जाती है. दो लोगों राम किशोर (निवासी- आठनेर) और संजय (इमलीखेड़ा) की मौत हो गई है. इन्होंने जो दवा पी थी, उसमें जहरीला पदार्थ मिला हुआ था. हम देवगुढ़ और आठनेर आशायें घर-घर जाकर जानकारी जुटा रही हैं.
