भोपाल: आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 709 मरीजों के नाम पर निकाली रकम, जानें पूरा मामला
सृष्टि हॉस्पिटल, Bhopal
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ‘आयुष्मान भारत योजना‘ में बड़े फर्जीवाड़े की खबर सामने आ रही है. इस मामले का पर्दाफाश करते हुए EOW ने करोंद स्थित सृष्टि हॉस्पिटल के संचालक पर आरपराधिक मामला दर्ज किया. 5 अक्टूबर 2026 को अस्पताल संचालक राजकुमार सूर्यवंशी और अन्य पर BNS 2023 की धारा 318(4), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत FIR दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
फर्जी सूची अपलोड की गई थी
दरअसल सरकार की महत्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत योजना’ का पैसा हड़पने के लिए पोर्टल पर 15 कर्मचारियों को 45 बताकर फर्जी सूची अपलोड की गई थी. इस लिस्ट की चौंकाने वाली बात ये थी कि एक ही कर्मचारी का नाम चार-चार बार दोहराया गया था. इतना ही नहीं सभी नामों के आगे संचालक ने सिर्फ अपना ही मोबाइल नंबर लिख दिया था.
इलाज की कोई भी फाइल पेश नहीं कर सका हॉस्पिटल
वहीं बिना अनुमति चल रही लैब से एक MD पैथोलॉजिस्ट की फर्जी सील और नकली हस्ताक्षर से झूठी जांच रिपोर्ट जारी की गईं.मेडिकल कॉलेज की महिला पैथोलॉजिस्ट का नाम बिना उसकी सहमति के सूची में डालकर सरकारी भुगतान उठाया गया. EOW की जांच में इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन डॉक्टरों के नियुक्ति पत्र, सैलरी, अटेंडेंस और मरीजों के इलाज की कोई भी फाइल पेश नहीं कर सका.
साल 2025 में दिखाए गए 709 मरीजों के इलाज के नाम पर निकाली गई रकम और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की सघन जांच शुरू कर दी गई है. इस फर्जीवाड़े में कौन-कौन शामिल हैं पुलिस और ईओडब्यू की टीम इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढे़ं- जबलपुर के भगवान दास पटेल ने ‘हनुमान अंश’ में निभाया गोपाल का किरदार, फिल्म ने तोड़े कई रिकॉर्ड