Bhopal News: मध्य प्रदेश शासन में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग की गाड़ी को एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में कैबिनेट मंत्री की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है, वे बाल-बाल बच गए. इसके साथ ही पुलिसकर्मियों और नेताओं से मारपीट का भी मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी जीशान खान को हिरासत में ले लिया है.
चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल देखने जा रहे थे
दरअसल, ये पूरा मामला भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र का है. शनिवार को कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग छोला से नाथू बरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का मैच देखे जा रहे थे. जैसे ही मंत्री का काफिल काली मंदिर के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने पहले तो आगे निकलने की कोशिश की. इसके बाद गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी. जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई. इस हादसे में मंत्री समेत अन्य कार सवारों को चोट नहीं आई है.
गनमैन को कुचलने की कोशिश
कैबिनेट मंत्री के गनमैन ने आरोपी फॉर्च्यूनर चालक जीशान खान को रोकने की कोशिश तो उसने कुचलने का प्रयास किया. तेज गति से आगे निकल गया. सुरक्षाकर्मियों और पुलिस की टीम ने उसका लगभग आधा किमी तक पीछा किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ने मंत्री विश्वास सारंग के गनमैन उमेश पाल, बीजेपी नेताओं और सुरक्षाकर्मियों से मारपीट की. वहीं, तलैया पुलिस थाना प्रभारी दीपक डेहरिया का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है.

