‘पत्र पढकर दिखाएं, इनाम दूंगा…’, राहुल गांधी की OBC आरक्षण चिट्ठी पर मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार
मंत्री विश्वास सारंग और राहुल गांधी
MP News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में 27% OBC आरक्षण लागू करने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है. राहुल गांधी इस पत्र को सोशल मीडिया पर भी साझा किया.
राहुल गांधी ने पत्र में इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े कई मुद्दे उठाए. इसी दौरान OBC आरक्षण के कारण लंबित नियुक्तियों का मामला भी सामने आया. राहुल गांधी के इस पत्र पर अब मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया है.
मंत्री विश्वास सारंग ने साधा निशाना
राहुल गांधी की चिट्ठी पर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया. सारंग ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में OBC आरक्षण को लेकर मौजूदा स्थिति के लिए तत्कालीन कमलनाथ सरकार जिम्मेदार थी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कोर्ट में इस मामले को ठीक तरीके से नहीं रखा था.
मंत्री सारंग ने कहा कि मध्य प्रदेश की वर्तमान सरकार 27% OBC आरक्षण देने के लिए पहले से प्रतिबद्ध है. उन्होंने राहुल गांधी पर मुद्दे की पूरी जानकारी के बिना बयान देने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया.
विश्वास सारंग ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्होंने हिंदी में पत्र लिखा है तो उन्हें अपना ही पत्र अक्षरशः पढ़कर सोशल मीडिया पर साझा करना चाहिए. सारंग ने कहा कि राहुल गांधी ऐसा करके दिखाएं, वह उन्हें इनाम देंगे.
राहुल गांधी ने किया OBC आरक्षण पदों का जिक्र
राहुल गांधी के मुताबिक, कई अभ्यर्थी परीक्षा पास करने के साथ चयन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं. इसके बावजूद 87:13 व्यवस्था के तहत OBC आरक्षण से जुड़े 13% पदों को होल्ड रखा गया है. इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं. लंबे समय से नियुक्ति नहीं मिलने के कारण उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.
मुख्यमंत्री @DrMohanYadav51 जी,
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 23, 2026
इंदौर में ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम में OBC वर्ग के छात्रों ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 27% OBC आरक्षण के तहत 13% पदों पर नियुक्तियां वर्षों से रुकी हुई हैं।
सभी छात्र बहुत पीड़ा में हैं – चार साल से अधिक समय से इंतज़ार कर रहे… pic.twitter.com/gFRR36xN9A
27% आरक्षण लागू करने की मांग
राहुल गांधी ने कहा कि 27% OBC आरक्षण का सभी दलों ने समर्थन किया था, लेकिन इसके बावजूद मामला अब तक सुलझ नहीं पाया है. उन्होंने कहा कि नियुक्ति और आरक्षण के क्रियान्वयन की मांग को लेकर अभ्यर्थियों को लगातार आंदोलन करना पड़ रहा है.
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से छात्रों की मांगों पर ध्यान देने, 27% OBC आरक्षण लागू करने और लंबित चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की. उन्होंने कहा कि चार साल से अधिक समय से इंतजार कर रहे युवाओं का कीमती समय अब और बर्बाद नहीं होना चाहिए.
ये भी पढे़ं- ‘वोट चोरी से देशद्रोह तक…’, SIR विवाद पर राहुल गांधी का ECI और BJP पर तीखा हमला