Bhopal Farmers Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गन्ना किसानों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है. सोमवार को नरसिंहपुर से आए किसानों को पुलिस ने बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के पास ही रोक दिया. सभी रात खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे बीती. टेंट हाउस से गद्दा, रजाई समेत अन्य सामान मंगाया गया. प्रदर्शनस्थल के आसपास पुलिस ने बेरिकेडिंग कर दी है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है. उनका प्रदर्शन जारी रहेगा.
किसानों की क्या मांग है?
- प्रदर्शनकारी किसानों की मुख्य मांग है कि उनका गन्ना 600 रुपये क्विंटल के भाव से खरीदा जाए. इसके साथ ही राज्य सरकार उन्हें 50 रुपये बोनस दे.
- किसानों का कहना है कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों में एक साथ घोषणापत्र जारी किए गए थे. फिर हमारे किसानों के साथ धोखा क्यों हो रहा है? यही वजह है कि हमें भोपाल आना पड़ा है. राज्य सरकार जब तक बोनस का 50 रुपये नहीं देती है, हमारा आंदोलन जारी रहेगा.
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने साधा निशाना
किसानों के प्रदर्शन पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार किसान विरोधी है. जब से सरकार बनी है, तब से किसान परेशानी हैं. बिजली कटौती, खाद कुछ नहीं मिला. अब फसल का दाम नही मिला. किसानों की मांगों का कांग्रेस समर्थन करती है.
मौजूदा भाव में मुनाफा मुश्किल
किसानों ने बताया कि एक एकड़ में गन्ने की खेती करने के लिए बीज पर 15 से 20 हजार रुपये खर्च होते हैं. मजदूरी के लिए 7 से 8 हजार रुपये और ट्रैक्टर किराए पर 12 से 13 हजार रुपये तक देने पड़ते हैं. इसके अलावा डीजल, बिजली और खाद का खर्च भी उठाना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि 1,200 रुपये में मिलने वाला खाद का कट्टा 2,500 रुपये तक में बेचा जा रहा है. किसानों का कहना है कि खेती का खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
