Politicians Fail To Clear Rent: सरकारी बकाया वसूलने के मामले में आम आदमी और रसूखदारों के लिए अलग-अलग रवैया नजर आ रहा है. ग्रामीण इलाकों में बिजली बिल की थोड़ी सी रकम बकाया होने पर किसानों की मोटर और सामान जब्त करने बिजली विभाग की टीम पहुंच जाती है, लेकिन भोपाल में सरकारी बंगलों में रह रहे नेताओं, पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों और संस्थाओं पर किराए और जुर्माने के करीब 10 करोड़ रुपये बकाया हैं. इनमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो चुनाव हारने या मंत्री पद जाने के बाद भी सरकारी बंगले खाली नहीं कर रहे हैं. संपदा संचालनालय ने ऐसे 23 बकाएदारों को नोटिस जारी किए हैं.
पूर्व सीएम के बंगले पर 32 लाख बकाया
भोपाल के सरकारी बंगलों पर बकाया किराए का मामला अब चर्चा में है. सूची में पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और राजनीतिक दलों के कार्यालय तक शामिल हैं. सबसे ज्यादा 32 लाख रुपये पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के नाम आवंटित सरकारी बंगले पर बकाया बताए गए हैं. 74 बंगला क्षेत्र के बी-30 आवास में फिलहाल उनके बड़े बेटे प्रकाश जोशी रह रहे हैं.
कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के मुताबिक, पिता के निधन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रकाश जोशी की स्थिति को देखते हुए कहा था कि वे जब तक चाहें, इस आवास में रह सकते हैं.
मीना सिंह पर 17.52 लाख बकाया
पूर्व मंत्रियों के सरकारी आवासों पर भी लाखों रुपये का बकाया है. रायसेन जिले की सिलवानी सीट से विधायक रहे रामपाल सिंह पर करीब 16 लाख रुपये बकाया हैं. शिवराज सरकार में मंत्री रहते हुए उन्हें शिवाजी नगर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास सरकारी बंगला आवंटित हुआ था.
भिंड जिले की अटेर सीट से विधायक रहे पूर्व सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया 2023 का विधानसभा चुनाव हार गए, लेकिन उनके सरकारी बंगले पर करीब 17 लाख रुपये बकाया हैं. उमरिया जिले की मानपुर सीट से पांच बार विधायक रहीं पूर्व मंत्री मीना सिंह भी सरकारी आवास में रह रही हैं. उनके बी-27 बंगले पर 17 लाख 52 हजार रुपये बकाया हैं. संपदा संचालनालय ने उनके बंगले के बाहर दो नोटिस चस्पा किए हैं. इनमें 12 नवंबर को जारी नोटिस भी शामिल है.
किस पर कितना रुपये बाकी?
- कैलाश जोशी – 32 लाख रुपये
- प्रज्ञा सिंह ठाकुर – 18 लाख रुपये
- प्रभुराम चौधरी – 17 लाख रुपये
- मीना सिंह – 17 लाख रुपये से अधिक
- अरविंद भदौरिया – 17 लाख रुपये
- रामपाल सिंह – 16 लाख रुपये
- एल. मुरुगन – 13 लाख रुपये
- केपी यादव – 9 लाख रुपये
- दिलीप कुमार कुशवाह – 15 लाख रुपये
- बहुजन समाज पार्टी कार्यालय – 11 लाख रुपये
- कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान – 15 लाख रुपये
