Bhopal: 120 करोड़ से बनेगा सीवेज नेटवर्क, कृष्णा गौर बोलीं गोविंदपुरा को मिलेंगी दो नई एलिवेटेड रोड
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर
Bhopal: अमृत मिशन-2 के तहत भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे निजी कॉलोनियों सहित कई आवासीय क्षेत्रों की वर्षों पुरानी सीवेज समस्या का समाधान होगा. इसके साथ ही मिसरोद से अयोध्या बायपास होते हुए एयरपोर्ट तक तथा बावड़ियाकला से दानिश नगर तक एलिवेटेड रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है.
अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री ने दी जानकारी
यह जानकारी पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने वार्ड-53 स्थित स्टर्लिंग ग्लोब ग्रैंड परिसर के पहुंच मार्ग लोकार्पण एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए दी. राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने स्टर्लिंग ग्लोब ग्रैंड परिसर में ओपन जिम, डुप्लेक्स परिसर में शेड निर्माण तथा पार्क विकास कार्य कराने की घोषणा भी की. उन्होंने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के विश्वास और स्नेह के कारण यह क्षेत्र भाजपा का अभेद गढ़ बना हुआ है और पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी जीत मिली.

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण और सतत विकास कार्यों के कारण यहां अन्य क्षेत्रों की तुलना में बेहतर अधोसंरचना विकसित हुई है. यह सब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज़ी से आगे बढ़ते विकास के कारण संभव हो सका है.
नर्मदापुरम रोड की सर्विस रोड का भी होगा उन्नयन
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद प्रताप वारे ने वार्ड में कराए गए तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम रोड की दोनों ओर की सर्विस रोड की मरम्मत और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य प्रगति पर हैं.
प्रारंभ में स्टर्लिंग ग्लोब ग्रैंड रहवासी रखरखाव सहकारी संस्था के सर्वश्री सतीश नारायण शुक्ला, बीएस राजपूत, सीबी गांधी, मंगेश भार्गव, सुरेंद्र पाल खुराना, सबलोक सलूजा, अजय बवेजा,महेश कुमार, शैलेश तिवारी,महेंद्र चौहान व महिला सदस्य मीना श्रीवास्तव,ज्योति अवस्थी, मंजरी चौहान, सोनिया अरोरा, किरण गांधी, वीणा बवेजा,सीमा सबलोक, पूर्वा भार्गव, शिल्पा अरोड़ा, कृति गोयल, भावना गांधी, पूजा तिवारी, श्रीमती केसी पटेल, रानी कामरा, सपना खत्री,रजनी अहिरवार, गायत्री विक्रम,वीणा तोमर, श्रीमती विक्टर व मोना सैनी ने मुख्य अतिथि श्रीमती गौर व अन्य विशिष्ट अतिथियों का शाल, श्रीफल से सम्मान किया.