MP News: मध्य प्रदेश पुलिस को सख्त, संवेदनशील, आधुनिक संसाधनों से लैस और जवाबदेह बनाने के लिए अंग्रेजों के जमाने के पुलिस रेगुलेशन में व्यापक बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मार्ट पुलिसिंग के विजन को आधार बनाकर नए पुलिस रेगुलेशन का मसौदा तैयार किया जाएगा. इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने अपनी 26 शाखाओं से सुझाव मांगे हैं. नए नियमों में पुलिस की बदलती भूमिका, आधुनिक आपराधिक कानूनों, तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल, प्रशिक्षण और आम लोगों के प्रति संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाएगी. पहली बार साइबर अपराध, आपदा प्रबंधन और पुलिसकर्मियों के कल्याण जैसे विषयों को भी रेगुलेशन में शामिल करने की तैयारी है.
प्रदेश में पुलिस रेगुलेशन करीब सात दशक पुराने हैं. मध्य प्रदेश का गठन वर्ष 1956 में हुआ था और इसके बाद 1959 में पुलिस रेगुलेशन लागू किए गए थे. समय-समय पर इनमें संशोधन होते रहे, लेकिन मूल व्यवस्था अब भी पुराने दौर की पुलिसिंग पर आधारित है. वर्ष 2023 में आखिरी बार इनमें संशोधन किया गया था. अब नए सिरे से बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही है. भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली में आए बदलावों को भी नए नियमों में शामिल किया जाएगा.
नए पुलिस रेगुलेशन का आधार स्मार्ट पुलिसिंग के पांच सूत्र होंगे. इनमें एस यानी स्ट्रिक्ट एंड सेंसिटिव, एम यानी मॉडर्न एंड मोबाइल, ए यानी अलर्ट एंड अकाउंटेबल, आर यानी रिलायबल एंड रिस्पॉन्सिव और टी यानी टेक-सेवी एंड ट्रेंड शामिल हैं. इन सूत्रों के जरिए पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील बनाने पर जोर रहेगा. पुलिस को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करने, जवाबदेही तय करने और जनता के प्रति भरोसेमंद व्यवस्था विकसित करने की दिशा में प्रावधान तैयार किए जाएंगे.
26 शाखाओं से मांगे सुझाव, पांच राज्यों के नियमों का अध्ययन
डीजीपी कैलाश मकवाना ने अधिकारियों को मौजूदा जरूरतों के हिसाब से पुलिस रेगुलेशन की समीक्षा कर नए सिरे से तैयार करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस मुख्यालय की 26 शाखाओं को पत्र भेजकर सुझाव मांगे गए हैं. इन सुझावों के आधार पर नए रेगुलेशन का मसौदा तैयार किया जाएगा. इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के पुलिस रेगुलेशन, सेवा नियमों और कामकाज की व्यवस्था में किए गए बदलावों का अध्ययन कर रहा है. दूसरे राज्यों के प्रावधानों को देखने के बाद मध्यप्रदेश की जरूरतों के अनुसार नए नियमों में बदलाव किए जाएंगे.
तकनीक और पुलिस कल्याण पर भी रहेगा फोकस
नए रेगुलेशन में पुलिस की बदलती जिम्मेदारियों के साथ आधुनिक आपराधिक कानूनों और तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को ध्यान में रखा जाएगा. साइबर अपराध की चुनौती से निपटने, आपदा प्रबंधन और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े विषयों को भी नियमों में जगह मिलेगी. प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा. पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य ऐसा रेगुलेशन तैयार करना है, जो वर्तमान समय की चुनौतियों के अनुरूप हो और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जवाबदेह बना सके.
