MP में रेल यात्रियों की बढ़ी मुश्‍किलें, कोटा में ब्लॉक के चलते बदले 4 ट्रेनों के रूट, इस स्‍टेशन पर होगा स्टॉपेज

MP Train Route Divert: कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के चलते भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव अस्थायी रूप से कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर किया जाएगा.
Special Train

स्पेशल ट्रेन

MP Train Route Divert: भोपाल से कोटा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा. कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के चलते भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव अस्थायी रूप से कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर किया जाएगा. इस बदलाव के कारण यात्रियों को कोटा पहुंचने या वहां से ट्रेन पकड़ने के लिए सड़क मार्ग से अतिरिक्त सफर करना होगा.

निर्माण कार्य के चलते बदला ट्रेनों का मार्ग

रेलवे के मुताबिक, प्लेटफार्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के लिए रेल परिचालन बंद रखा जाएगा. इसके चलते चार ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है. इनमें भोपाल मंडल से संबंधित भोपाल-जोधपुर और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस के साथ जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस भी शामिल हैं.

भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का सोगरिया में ठहराव

ट्रेन नंबर 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक सोगरिया-चंबल केबिन-गुरला होकर संचालित होगी. इस दौरान ट्रेन कोटा स्टेशन नहीं पहुंचेगी. ट्रेन का सोगरिया स्टेशन पर रात 2:10 बजे आगमन और 2:20 बजे प्रस्थान निर्धारित है.

इसी तरह ट्रेन नंबर 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी. इस ट्रेन का सोगरिया स्टेशन पर रात 11:30 बजे आगमन और 11:40 बजे प्रस्थान होगा.

दयोदय एक्सप्रेस भी रहेगी प्रभावित

जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किया गया है. ट्रेन नंबर 12181 जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि ट्रेन नंबर 12182 अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक बदले हुए मार्ग पर संचालित होगी. इन दोनों ट्रेनों का ठहराव भी कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर रहेगा.

यात्रियों को खुद करनी होगी परिवहन की व्यवस्था

इस बदलाव का सीधा असर कोटा जाने और वहां से भोपाल आने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. यात्रियों को सोगरिया स्टेशन से कोटा पहुंचने के लिए सड़क परिवहन की व्यवस्था करनी होगी. खासकर देर रात ट्रेनों के पहुंचने के कारण यात्रियों को अधिक परेशानी हो सकती है. ऐसे में सफर पर निकलने से पहले यात्रियों को अपनी ट्रेन के मार्ग, ठहराव और समय की जानकारी रेलवे से प्राप्त कर लेनी चाहिए.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें