Vistaar NEWS

‘चाचा की तेरहवीं थी, दिल्ली कैसे जाता’, निलंबन के बाद झलका MP यूथ कांग्रेस नेता का दर्द

Suspended Youth Congress General Secretary Rohit Rajoria

यूथ कांग्रेस के निलंबित महासचिव रोहित राजोरिया

MP News: दिल्‍ली के रामलीला मैदान में हुई इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल नहीं होने वाले मध्‍य प्रदेश के कांग्रेस पदाधिकारियों को पार्टी ने निलंबित किया है. ऐसे में मध्‍य प्रदेश के यूथ कांग्रेस महासचिव रोहित राजोरिया को भी को निलंबित कर दिया. निलंबन के बाद रोहित राजोरिया ने विस्‍तार न्‍यूज से बात करते हुए रैली में शामिल नहीं होने की पूरी वजह बताई है.

रोहित राजोरिया ने विस्‍तार न्‍यूज से की बात

दरअसल, एमपी यूथ कांग्रेस महासचिव रोहित राजोरिया ने बताया कि उनके चाचा का देहांत होने के कारण वे अस्थि विसर्जन करने के लिए इलाहाबाद गए थे. इसी वजह से वे दिल्‍ली की रैली में शामिल नहीं हो सके. उन्‍होंने कहा कि पार्टी की इस कार्रवाई से मान सम्मान को ठेस पहुंचा है, लोग हिन भावना से देखते हैं.

रोहित ने कहा कि तीन बार जेल जा चुका हूं. 12 से 13 मुकदमे मेरे ऊपर चल रहे हैं, पार्टी के लिए पानी की बौछारें और कई बार लाठी डंडे खाए हैं. जो मेरे साथ हुआ वह किसी के साथा न हो इसके लिए मैं बड़े नेताओं से बात करूंगा. उन्‍होंने कहा कि मेरे साथ अन्‍याय हुआ है अब मैं न्‍याय के लिए गुहार लगा रहा हूं.

मेरे साथ गलत हुआ – यूथ कांग्रेस महासचिव

रो‍हित राजोरिया ने कहा कि मुझे दुख हुआ, बुरा लगा मेरे साथ गलत हुआ है. मैं भी अच‍ंभित रह गया जब मैंने लिस्‍ट देखी. उन्‍होंने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट मार्च में शामिल हुआ था. इस बार चाचा का देहांत हो गया था इसी कारण से दिल्‍ली के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सका. मैंने इस बात की जानकारी प्रदेश अध्‍यक्ष और प्रभारी सभी को पहले ही दी थी.

रोहित ने नाराज होते हुए कहा कि एमपी कांग्रेस का कोई भी नेता चाचा की 13वीं में नहीं आया. स्‍पष्‍टीकरण हमारा लेना चाहिए था. 15 साल से संगठन में काम कर रहा हूं. 8 दिन में कार्रवाई वापस लेने का आश्वासन तो मिला है.

सचिव विक्रम सिंह ने भी बताया नहीं शामिल होने का कारण

एमपी यूथ कांग्रेस के सचिव विक्रम सिंह ने भी विस्‍तार न्‍यूज के सामने अपनी बात रखी. यूथ कांग्रेस सचिव ने कहा कि मैंने अपने प्रदेश अध्‍यक्ष और प्रदेश प्रभारी को बताया था कि मैं शामिल नहीं हो पाऊंगा. मैं दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन पदयात्रा में शामिल था.

विक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्‍यक्ष के हाथ को कमजोर करने का काम किया जा रहा है या फिर पार्टी में कुछ और चल रहा है समझ ही नहीं आ रहा है. उन्‍होंने कहा कि बिना किसी स्‍पष्टीकरण मांगे सीधे लिस्‍ट जारी कर दी गई. यह सही नहीं है. मुझे भी सोशल मीडिया से निलंबन की जानकारी मिली है. कांग्रेस के अंदर शिकायत किससे की जाए यह बड़ा मसला है और हम कंफ्यूज हैं.

Exit mobile version