फेमस फाइव स्टार होटल के किचन में चूहे! खाद्य विभाग ने किया कोर्टयार्ड बाय मैरियट का फूड लाइसेंस सस्पेंड
कोर्टयार्ड बाय मैरियट (फाइल फोटो)
Rats Found Courtyard Marriott Kitchen: भोपाल के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. होटल की रसोई में चूहों की मौजूदगी की शिकायत मिलने के बाद की गई जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं. अनियमितताओं की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जिससे होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया.
शिकायत के बाद हुई औचक जांच
जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद राज्य और केंद्र की खाद्य सुरक्षा टीम ने डीबी सिटी स्थित होटल परिसर का अचानक निरीक्षण किया. जांच के दौरान होटल के किचन और स्टोरेज एरिया में चूहों के निशान और उनकी मौजूदगी पाई गई. अधिकारियों को यह भी पता चला कि होटल के पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड में पहले से चूहों की समस्या दर्ज थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि प्रबंधन इस मुद्दे से पहले से अवगत था.
रसोई में मिलीं स्वच्छता संबंधी कमियां
निरीक्षण के दौरान रसोई क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली. कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था देखने को मिली, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत है. अधिकारियों ने इसे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए संभावित खतरा माना.
खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही
जांच में यह भी सामने आया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था. दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों का भंडारण असुरक्षित तरीके से किया जा रहा था, जिससे खाद्य दूषण की आशंका बढ़ रही थी.
भंडारण व्यवस्था भी मानकों पर खरी नहीं उतरी
इसके अलावा खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई. स्टोरेज सिस्टम में कई खामियां मिलीं, वहीं कुछ पैक्ड खाद्य उत्पादों के रखरखाव में भी नियमों का उल्लंघन सामने आया.
तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया लाइसेंस
इन सभी कमियों को गंभीर मानते हुए केंद्रीय अभिहित अधिकारी ने होटल की खाद्य व्यवसाय संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाते हुए उसका केंद्रीय फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया है. साथ ही होटल में खाद्य और पेय पदार्थों से जुड़ी सेवाओं को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है.
उपभोक्ताओं की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढे़ं- Bhopal: खाने में कीड़े परोस रहा सागर गैरे! 1 महीने में दो वीडियो वायरल होने के बाद जागा खाद्य विभाग