भाई देवास SP, बहन अमृतसर की ADC, देशभर में चर्चित है भोपाल की IPS-IAS जोड़ी
IPS आदित्य मिश्रा और IAS पल्लवी मिश्रा
Aditya – Pallavi Mishra Story: देशभर में IAS और IPS के तबादले तो हर दिन होते हैं, लेकिन इस बार एक ही परिवार के अफसर भाई-बहन को मिली नई जिम्मेदारी की चर्चा मध्य प्रदेश से लेकर पंजाब तक हो रही है. ये चर्चा है IPS आदित्य मिश्रा और उनकी बहन IAS पल्लवी मिश्रा की. जहां एक तरफ भाई को देवास जिले की कमान मिली है तो वहीं दूसरी ओर बहन पंजाब के अमृतसर में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगी.
आदित्य मिश्रा को देवास की जिम्मेदारी
साल 2018 बैच के आईपीएस आदित्य मिश्रा को मध्य प्रदेश सरकार ने 27 अक्टूबर 2026 को देवास जिले के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी थी. उन्हें बालाघाट एसपी के पद से हटाकर देवास जिले में नए एसपी के रूप में कमान सौंपी गई थी.
पल्लवी मिश्रा को अमृतसर में प्रशासनिक व्यवस्था की कमान
वहीं, पंजाब सरकार ने इसी महीने के 10 नवंबर 2026 को जारी किए गए ट्रांसफर आदेश में साल 2023 बैच की आईएएस अधिकारी पल्लवी मिश्रा को अमृतसर में अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) यानी ADC General के रूप में नियुक्त किया है. इसका मतलब है कि एक ही परिवार के भाई-बहन दो राज्यों में एक कानून-व्यवस्था और दूसरा प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालेंगे.
भाई को देख बहन के मन में आया देश सेवा का भाव
आईपीएस आदित्य मिश्रा और आईएएस पल्लवी मिश्रा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं. पल्लवी ने अपना सपना किसी कोचिंग क्लास से नहीं, बल्कि अपने ही बड़े भाई की कामयाबी को देखकर पूरा करने की शुरूआत की थी. आदित्या मिश्रा इंजीनियरिंग करने के बाद साल 2018 में सिविल सेवा की परीक्षा पास करके आईपीएस अधिकारी बने थे.
घर में अपने भाई आदित्य मिश्रा को खाकी वर्दी में देख पल्लवी के मन में भी देश सेवा का भाव आया था. पल्लवी की तैयारी में उनके सबसे बड़े मार्गदर्शक उनके भाई ही रहें. तैयारी के दौरान स्ट्रेटजी से लेकर मेंटल स्ट्रेंथ तक हर क्षेत्र में भाई ने अपनी बहन का सपोर्ट किया.
पल्लवी ने की कानून की पढ़ाई
पल्लवी मिश्रा ने दिल्ली की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने संगीत के क्षेत्र में एमए किया और शास्त्रीय संगीत में अपनी रूचि रखी. पल्लवी का सपना सिविल सेवा का था. उन्होंने यूपीएससी के पहले राउंड में प्रीलिम्स पास किया लेकिन मेन्स में सफलता नहीं मिल सकी. अपने पहले राउंड से हार नहीं मानते हुए पल्लवी ने अपनी गलतियों से सीखा और दूसरे राउंड में ऑल इंडिया रैंक 73 हासिल कर अपना आईएएस बनने का सपना सकार कर लिया.
आईएएस पल्लवी मिश्रा हालही में पंबाज के अमृतसर में एडीसी जनरल के पद पर अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली है, वहीं उनके भाई आईपीएस आदित्य मिश्रा बालाघाट में अपने काम के लिए चर्चा में रहने के बाद अब देवास में अपनी नई भूमिका निभा रहे हैं.



