Bhopal: खाने में कीड़े परोस रहा सागर गैरे! 1 महीने में दो वीडियो वायरल होने के बाद जागा खाद्य विभाग
भोपाल में सागर गैरे के आउटलेट पर खाद्य विभाग ने की जांच
Bhopal News: भोपाल में सात नंबर बस स्टॉप पर बने शहर के सबसे फेमस आउटलेट सागर गैरे के खाने में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है. कुछ दिन पहले भी कोलार में स्थित सागर गैरे के पाव भाजी में इल्ली निकलने का वीडियो सामने आया था. वहीं जिला कलेक्टर को शहर में 10 रुपये के मैंगो शेक और 20 रुपये की लस्सी में सिंथेटिक एसेंस सहित कई अन्य हानिकारक पदार्थ मिलने की शिकायतें मिली हैं. मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा प्रशासन टीम को दोनों जगहों पर जांच के नमूने एकत्रित करने के निर्देश दिए. टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों ही जगहों का निरीक्षण किया और करीब 24 से ज्यादा नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं.
सागर गैरे के खाने में मिले कीड़े
जानकारी के मुताबिक, जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को गुरुवार को सात नंबर बस स्टाप पर बने सागर गैरे आउटलेट के भीतर भोजन में कीड़े पाए जाने की शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा प्रशासन टीम को आउटलेट पर जाकर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे. जहां खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था में अनियमितताएं देखी गईं. आउटलेट में स्वच्छता नियमों का भी उल्लंघन और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाई गई. खाद्य सुरक्षा टीम ने आउटलेट के संस्थान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया है. वहीं टीम ने गुणवत्ता जांच करने के लिए खाने के सैंपल लैब भेजे हैं.
टीम ने लिए नमूने
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के अनुसार, लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानदार मैंगो शेक और अन्य पेय पदार्थों में कृत्रिम रंग, सिंथेटिक एसेंस, थिकनर और अत्यधिक मात्रा में सैकरीन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं. जांच के दौरान विभागीय टीम ने अशोकागार्डन स्थित न्यू फेमस एंड रेस्टोरेंट से मैंगो जूस, लस्सी, मैदा, गुलाब जामुन और मठरी के नमूने एकत्र किए.
इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित कई जूस और लस्सी सेंटरों से भी सैंपल लिए गए. इनमें बरखेड़ी का बांबे जूस कार्नर, एमपी नगर का घमंडी लस्सी, इंद्रपुरी का आदर्श जूस सेंटर, बुधवारा का बांबे जूस सेंटर, रंगमहल चौराहा स्थित आगरा समोसा कार्नर, इब्राहिमपुरा का फेमस जूस कार्नर, पीरगेट का कृष्णा लस्सी कार्नर और घोड़ानक्कास का गुजरात कोल्डड्रिंक एंड जूस सेंटर शामिल हैं.
करीब 24 नमूने लैब भेजे गए
अधिकारियों ने बताया कि कुल करीब 24 नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी संचालकों को नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने यह भी साफ किया है कि तय समय सीमा में सुधार नहीं मिलने पर संबंधित दुकानों का लाइसेंस निलंबित या रद्द किया जा सकता है.
ये भी पढे़ं- Bhopal: भोपाल में नकली नोटों के साथ पकड़ा गया MBBS डॉक्टर, नेपाल और पाकिस्तानी कनेक्शन आया सामने