Vistaar NEWS

DGP कैलाश मकवाना को मिला 3 महीने का एक्सटेंशन, फरवरी 2027 में होंगे रिटायर

DGP kailash makwana

मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना

Kailash Makwana Retires February 2027: मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना को 3 महीने का एक्सटेंशन मिल गया है. वे 30 नवंबर 2026 को रिटायर होने वाले थे. मकवाना अगले साल फरवरी 2027 को रिटायर होंगे. इसके साथ ही IPS प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव, उपेंद्र जैन और वरुण कपूर नए डीजीपी बनने की रेस से बाहर हो गए हैं. अब मध्य प्रदेश को मार्च 2027 में नए डीजीपी मिलेंगे.

इस एक्सटेंशन के बाद प्रदेश में नए DGP की नियुक्ति का समीकरण बदल गया है. मकवाना अब फरवरी 2027 तक पद पर बने रहेंगे. इस फैसले का सीधा असर नए पुलिस प्रमुख की दौड़ में शामिल IPS अधिकारियों की दावेदारी पर पड़ सकता है. खासतौर पर 1991 बैच के अधिकारी वरुण कपूर की पात्रता प्रभावित होने की संभावना है. वहीं, नए चयन पैनल में 1992 बैच के IPS अधिकारी पंकज श्रीवास्तव का नाम शामिल होने की चर्चा है.

वरुण कपूर के नाम पर नियमों का पेंच

वरुण कपूर 30 मई 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं. DGP की नियुक्ति के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार, संबंधित अधिकारी की सेवा में कम से कम छह महीने शेष होना जरूरी है. ऐसे में मकवाना का कार्यकाल बढ़ने और नए DGP की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ने से वरुण कपूर इस दौड़ से बाहर हो सकते हैं. वे फिलहाल जेल विभाग के DGP हैं और उन्हें साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भी अच्छा अनुभव है.

डीजीपी रेस में इन अधिकारियों के नाम शामिल

नए DGP के चयन के लिए UPSC के पैनल में 1991 बैच के IPS अधिकारी वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं. उपेंद्र जैन फिलहाल आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के DGP हैं. उनकी भी इस पद के लिए दावेदारी मानी जा रही है. वहीं, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव होमगार्ड विभाग की DGP हैं. यदि उन्हें प्रदेश पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी मिलती है, तो वे मध्य प्रदेश की पहली महिला DGP बन सकती हैं.

पंकज श्रीवास्‍तव के नाम की भी चर्चा

इन अधिकारियों के अलावा IPS पंकज श्रीवास्तव का नाम भी चर्चा में है. वे फिलहाल स्पेशल DGP के पद पर कार्यरत हैं. यदि नए DGP के चयन के लिए दोबारा पैनल तैयार किया जाता है, तो पंकज श्रीवास्तव को भी मौका मिल सकता है. हालांकि, उनकी दावेदारी चयन प्रक्रिया और पात्रता के निर्धारित मानकों पर निर्भर करेगी.

डीजीपी नियुक्ति की प्रक्रिया

DGP की नियुक्ति में UPSC की अहम भूमिका होती है. आयोग की स्क्रीनिंग कमेटी वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर अधिकारियों के नामों पर विचार करती है. इसके बाद तीन अधिकारियों का पैनल राज्य सरकार को भेजा जाता है, जिसमें से किसी एक को DGP नियुक्त किया जाता है. कैलाश मकवाना के सेवा विस्तार के बाद अब नए पुलिस प्रमुख की नियुक्ति के लिए आगे की प्रक्रिया और संभावित पैनल पर नजर रहेगी.

Exit mobile version