Kailash Makwana Gets Three-Month Extension: मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना को तीन महीने का एक्सटेंशन मिलने वाला है. सेवा विस्तार होता है तो वे इस पद पर फरवरी 2027 तक बने रहेंगे. सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को इस संबंध में चिट्ठी लिखी है और इसके लिए औपचारिक मंजूरी मांगी है.
वरुण कपूर हो सकते हैं रेस से बाहर
कैलाश मकवाना को तीन महीने का एक्सटेंशन मिलता है तो IPS वरुण कपूर DGP बनने की रेस से बाहर हो सकते हैं. वरुण कपूर 1991 बैच के अधिकारी हैं. वे 30 मई 2027 को रिटायर होने वाले हैं. डीजीपी नियुक्ति की प्रक्रिया दिसंबर महीने या उसके आगे खिसकती है तो संभावना है कि वे रेस से बाहर हो सकते हैं. नियम कहते हैं कि नियुक्ति के समय अधिकारी की सेवा कम से कम 6 महीने शेष होना चाहिए. पूर वर्तमान में जेल डीजी है. इसके साथ ही उन्हें साइबर सुरक्षा का अच्छा खासा अनुभव है. इसके साथ ही वे वरिष्ठता क्रम में सबसे ऊपर हैं.
प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन पर भी चर्चा
IPS वरुण श्रीवास्तव के अलावा प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन के नाम पर चर्चा चल रही है. प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन भी 1991 बैच के पुलिस अधिकारी हैं. IPS प्रज्ञा होमगार्ड डीजी हैं. यदि उनके नाम पर मुहर लगती है तो वे मध्य प्रदेश की पहली महिला डीजीपी होंगी. वहीं, उपेंद्र जैन आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के डीजी हैं. उनकी मजबूत दावेदारी मानी जा रही है. वे 2027 में सेवानिवृत्त होंगे.
कौन हैं IPS पंकज श्रीवास्तव?
IPS वरुण कपूर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन के साथ-साथ चौथे अधिकारी का नाम भी सामने आ रहा है, जिनका नाम पंकज श्रीवास्तव है. 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी पंकज श्रीवास्तव तीनों अधिकारियों के बाद चौथे क्रम के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. वे फिलहाल स्पेशल डीजी की पोस्ट पर तैनात हैं.
DGP का चयन कैसे होता है?
- मौजूदा डीजीपी के रिटायरमेंट से तीन महीने पहले पात्र IPS अफसरों के नाम संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजे जाते हैं.
- UPSC की स्क्रीनिंग कमेटी अफसरों के सेवा रिकॉर्ड, वरिष्ठता और दूसरे पहलुओं पर विचार करती है.
- इसमें से यूपीएससी तीन अधिकारियों का पैनल तैयार करती है.
- इसके बाद राज्य सरकार पैनल के किसी एक अफसर के नाम पर मुहर लगा देता है.
