MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. प्रदेश पर मानसून ट्रफ और एक अन्य मानसूनी सिस्टम का असर बना हुआ है, जिसके चलते सोमवार को कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मंगलवार को भी मौसम विभाग ने सतना, कटनी, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, रायसेन और बैतूल समेत 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है.
भोपाल समेत कई जिलों में बारिश की संभावना
राजधानी भोपाल में सुबह से हल्की बारिश का सिलसिला जारी है. इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.
अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में औसतन 336.7 मिमी (करीब 13.2 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य स्थिति में इस अवधि तक लगभग 407 मिमी (16 इंच) बारिश होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में अब तक करीब 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी 20 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 15 प्रतिशत दर्ज की गई है.
28 से 30 जुलाई तक भारी बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा के तट के करीब पहुंच चुका है. यह सिस्टम आगे बढ़ते हुए झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य भारत तक पहुंचेगा. इसके प्रभाव से 28 से 30 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बरसेंगे बादल
